कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित और असरदार: सीएमओ

टीका के दुष्प्रभाव की बातें सिर्फ अफवाह

गाजियाबाद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता का कहना है कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित और असरदार है। उन्होंने कहा कि टीका के दुष्प्रभाव की बातें सिर्फ भ्रांति मात्र हैं। स्वयंसेवी संस्था सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर) के सहयोग से बुधवार को आरडीसी में आयोजित स्वास्थ्य संचार सुदृढ़ीकरण कार्यशाला में सीएमओ ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में पहले दिन 379 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। इनमें केवल 9 लोग ऐसे थे, जिन्हें मामूली परेशानी महसूस हुई।

कोविड का टीका आने से कोविड पर काफी हद तक काबू किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लगभग 42 दिन बाद कोरोना से लडऩे की प्रतिरोधक क्षमता बन जाएगी। इसलिए बार-बार कहा जा रहा है कि दवाई भी कड़ाई भी। यानि अभी मास्क लगाना और एक दूसरे से दो गज की दूरी का पालन करना सभी के लिए जरूरी है। सीएमओ ने कहा कि गाजियाबाद में जिस तरह कोविड का फैलाव हुआ उस हिसाब से यहां मृत्यु दर काबू रही। उन्होंने मई-जून तक आमजन तक कोविड टीका पहुंचने की उम्मीद जताई। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोरोना समाप्ति की ओर है, मगर टीका जरूर लगवाएं। इससे कोई नुकसान नहीं है। उन्होंने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का पालन जारी रखना जरूरी है। उन्होंने बताया की कोविशील्ड वैक्सीन की प्रभाव उत्पादकता 70 से 80 प्रतिशत तक है। यह बहुत अच्छी स्थिति है। कोविड के नोडल अधिकारी डॉ. आर. के. गुप्ता ने कहा कि टीकाकरण एक महायज्ञ है। इसमें सभी की आहूति जरूरी है। कोविड को लेकर कोई भी भ्रम-भ्रांति हो तो चिकित्सक से परामर्श लें और शासन द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में कुल 230 एक्टिव केस हैं। केस कम हुए हैं पर सावधानी अब भी जरूरी है। सीफॉर संस्था की नेशलन प्रोजेक्ट लीड रंजना द्विवेदी ने कोविड के दौरान मीडिया द्वारा प्रकाशित सकारात्मक ख़बरों की भरपूर सराहना की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कोविड का टीका पूरे मानकों का पालन कर तैयार किया गया है और परीक्षण में खरा उतरने के बाद ही इसे लोगों को लगाया जा रहा है। कार्यशाला में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी आदि उपस्थित रहे।