आम बजट से अर्थव्यस्था को मिलेगी गति: सिद्धार्थ नाथ सिंह

बजट में यूपी को मिले 1 लाख 19 हजार करोड़

गाजियाबाद। उप्र के स्वास्थ्य एवं एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आम बजट की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि आम बजट अलग हटकर है। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर का पूरा ध्यान दिया गया है। आम बजट से उत्तर प्रदेश को भी काफी कुछ मिला है। देश की अर्थव्यस्था को गति मिल सकेगी। पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य एवं एमएसएमई मंत्री सिंह ने उक्त बातें कहं। उन्होंने कहा कि आम बजट में यूपी को 1 लाख 19 हजार करोड़ मिले हैं। पिछले वित्तीय वर्ष की अपेक्षा इस बार लगभग 21-22 हजार करोड़ ज्यादा आए हैं। कोरोना वैक्सीनेशन मद में 35 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 4 नवोदय विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। लखनऊ, बिजनौर, श्रावस्ती और सोनभद्र में यह विद्यालय बनेंगे। इसके लिए पहाड़ी क्षेत्र में 48 करोड़ और शहरी क्षेत्र में 38 करोड़ का प्रावधान है। जनपद बहराइच और लखीमपुर खीरी में पहले से यह विद्यालय संचालित हैं। यूपी के सभी 75 जिलों में इंटीग्रेटेड लैब बनाई जाएंगी। कोरोना काल में सरकारी एवं निजी कुल 39 लैब तैयार की गई थीं। भविष्य में प्रत्येक जिले में लैब की सुविधा मिलेगी। छोटे उद्योगों के संबंध में यूपी सरकार ने केंद्र सरकार को विशेष प्रस्ताव भेजा है। गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर और आगरा में प्रस्ताव का नाम शामिल है। प्रस्ताव मंजूर होने पर इन जिलों में ऐसे स्थान बनाए जाएंगे जहां सिर्फ आपको उद्योग लगाना होगा, तमाम सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को बड़ी आबादी होने का लाभ मिल रहा है। सूबे के 707 नगर निकायों में भी बुनियादी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
उन्होने कहा आम बजट 2021-22 में कोविड-19 का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देता है। पोषण अभियान को मजबूत करना, रोगों की जांच के लिए प्रत्येक जिले में इंटीग्रेटेड लैब, नेशनल हेल्थ सेंटर समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार एवं आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया गया है। जीवन की बुनियादी जरूरतों से लेकर विकास से जुड़े हर क्षेत्र पर बजट का प्रभाव दिखाई दे रहा है। स्वस्थ भारत, बेहतर सुशासन, किसानों की आय दोगुनी, महिला सशक्तीकरण एवं समावेशी विकास, भौतिक और वित्तीय पूंजी व संरचना, आकांक्षी भारत के लिए समावेशी विकास, मानव पूंजी में नवजीवन का संचार करना, नवाचार और अनुसंधान पर विशेष बल देना, न्यूनतम सरकार और अधिकतम शासन जैसी बेहतर योजनाएं इसमें शामिल हैं। इस मौके पर राज्य मंत्री अतुल गर्ग, एमएलसी दिनेश गोयल व भाजपा के महानगराध्यक्ष संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।