निर्माणाधीन नाले पर अतिक्रमण, नगर निगम को चलाना पड़ा बुलडोजर

गाजियाबाद। नंदग्राम में जलभराव से निपटने के लिए नाला निर्माण का काम चल रहा है, मगर कुछ स्थानों पर निर्माणाधीन नाले पर अतिक्रमण कर लिया गया। नगर निगम ने मंगलवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण कर्ताओं को खदेड़ डाला। इस बीच हल्का-फुल्का विरोध भी देखने को मिला। अभियान को सफल बनाने में पार्षदों ने भी सहयोग दिया। नगर निगम के सिटी जोन के अंतर्गत नंदग्राम में नागरिकों को जलभराव की विकट समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का निदान करने को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने निर्देश दिए थे।

इसके बाद ढाई करोड़ रुपए की लागत से वहां नाला निर्माण कार्य शुरू कराया गया। यह नाला एफ-1 नंदग्राम से राजकीय इंटर कॉलेज तक बनाया जाएगा। इस बीच नाले पर अतिक्रमण होने से कार्य प्रभावित हो रहा था। शिकायत मिलने पर सिटी जोन के जोनल प्रभारी गजेंद्र के नेतृत्व में मंगलवार को टीम ने मौके पर जाकर अभियान चलाया। जोनल प्रभारी गजेंद्र ने यह नाला वार्ड संख्या-31 सिहानी के मूलचंद एंक्लेव, राधा कुंज, वार्ड संख्या-49, वार्ड संख्या-50 के एफ ब्लॉक तथा आर ब्लॉक, वार्ड संख्या-11 के ई ब्लॉक, संगम विहार कृष्णा कुंज के क्षेत्रीय निवासियों को जलभराव से राहत दिलाएगा। पार्षद कृष्ण त्यागी तथा पार्षद पति वीरेंद्र त्यागी द्वारा अभियान में सहयोग किया गया। मौके पर नाले पर स्थाई रूप से पक्का निर्माण किया गया था, जिसे हटवाया गया। अतिक्रमण को हटवाने में बुलडोजर की मदद ली गई। उधर, कविनगर जोन अंतर्गत जोनल प्रभारी बनारसी दास द्वारा लालकुआं पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। लालकुआं पुलिस चौकी से जीटी रोड बुलंदशहर को जाने वाला मार्ग, आनंद हॉस्पिटल तक अतिक्रमण हटाया गया। स्थाई तथा अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। जोनल प्रभारी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा था।