एक्शन में ईओ, भ्रष्टाचारियों पर प्रहार, कामचोर कर्मचारियों को चेतावनी

लोनी पालिका के ईओ केके भडाना ने कंपनी पर की बड़ी कार्यवाही
कामचोर 72 कर्मचारियों का काटा एक दिन का वेतन

गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद लोनी के अधिशासी अधिकारी (ईओ) केके भडाना एकाएक एक्शन में आ गए हैं। भ्रष्टाचार को रोकने के लिए उन्होंने बड़ी कार्यवाही की है। भ्रष्टाचार में संलिप्त निजी कंपनी पर 7 लाख रुपए का कर चेतावनी जारी की गई है। कंपनी से जुड़े 72 कामचोर कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए हैं। ईओ के इस कदम से खलबली मच गई है। मामला जलभराव से निपटने में घोर लापरवाही बरते जाने का है। मानसून के मौसम में लोनी क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव की समस्या की समस्या सामने आ रही है। इस समस्या की गंभीरता को ध्यान में रखकर ईओ ने पालिका क्षेत्र में जल निकासी न होने के कारणों की जांच कराई थी।

जांच में भ्रष्टाचार सामने आया। जांच में पाया गया कि पानी निकासी के लिए जिम्मेवार लॉयन कंपनी द्वारा लगाए गए 18 में से सिर्फ 2 पंपिंग सेट फंक्शनल हैं। कंपनी की लापरवाही के कारण नागरिकों को ना केवल जलभराव से जूझना पड़ रहा है, बल्कि पालिका की छवि खराब हो रही है। इसके मद्देनजर ईओ द्वारा कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है। यदि आगे यही स्थिति दोहराई जाती रही तो, इस आपराधिक कृत्य के लिए कंपनी पर एफआईआर कराकर टेंडर निरस्त करने के साथ-साथ काली सूची में डाल दिया जाएगा।

ईओ केके भडाना ने बताया कि पालिका क्षेत्र में सफाई एवं कूड़ा लिफ्टिंग कार्य का निरीक्षण किया गया। ऐसे में पता चला कि कुल 72 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी डयूटी से नदारद हैं। नतीजन कई वार्डों में नालियों की सफाई नहीं हो पाई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। यह अत्यंत आपत्तिजनक कृत्य हैं। उन्होंने बताया कि सभी कामचोर 72 सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दे दिए गए हैं। इस मामले में भी लॉयन कंपनी पर एक लाख रुपए का जुर्माना किया गया है। इसी प्रकार लॉयन कंपनी द्वारा संचालित पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, जेसीबी मशीनों तथा डोर-टू-डोर के टिपरों का निरीक्षण करने पर पाया गया की कूड़ा उठाने के अधिकांश वाहन मेंटेनेंस व सर्विस के अभाव में डिपों में खड़े हैं।

जानकारी करने पर बताया गया कि उक्त वाहन काफी दिनों से फंक्शनल नहीं है, जिस कारण यह तथ्य संज्ञान में आया कि शहरभर में जगह-जगह न तो कूड़े का उठान हो रहा है और ना लैंडफिल साइट में डिस्पोजल कराया जा रहा है। लॉयन कंपनी की इस लापरवाही पर भी एक लाख रुपया का जुर्माना किया गया तथा चेतावनी दी गई कि सप्ताहभर के अंदर समस्त वाहन फंक्शनल कर सफाई कार्य में लगाए जाएं। अन्नयथा की स्थिति में कूड़ा उठाने और उसका डिस्पोजल करने का वर्क ऑर्डर निरस्त कर जमानत धनराशि जब्त कर ली जाएगी। इस प्रकार लॉयन कंपनी पर कुल सात लाख रुपये जुर्माना किया गया है।

लोनी नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कर्मचारियों को काम के प्रति लापरवाही न बरतने के निर्देश दे दिए गए हैं। लॉयन कंपनी ने यदि अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया तो आगे भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
केके भडाना
अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद लोनी