जनता के प्रति प्रत्येक पुलिस कर्मी की तय होगी जवाबदेही: डॉ. ईरज राजा

ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक (देहात) ने किया जनसंवाद

गाजियाबाद। कोई पुलिस कर्मी जनता को अनसुना नहीं कर सकता है। जनता के प्रति प्रत्येक पुलिस कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी। गांव में जनता से संवाद को मजबूत किया जाएगा। थाने स्तर पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली में बेहतर बदलाव आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। ये विचार पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. ईरज राजा ने व्यक्त किए। जनपद में ग्राम सुराना और रावली में सोमवार को जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पंचायत चुनाव, कानून व्यवस्था और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि जिले में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ऐसे में कानून एवं शांति व्यवस्था को बनाए रखना जरूरी है। ग्रामीणों को भी भरपूर सहयोग देना चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पंचायत चुनाव को ध्यान में रखकर ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर जन-संवाद किया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका निदान करने की कोशिश हो रही है। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील हो रही है। पुलिस अधीक्षक (देहात) ने कहा हर गांव में एक पुलिस जिम्मेदार के रूप में होगा, जो जनता से संवाद बनाकर रखेगा। महिलाओं की समस्याएं सुनने के लिए महिला पुलिस को और जवाबदेह बनाया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था खराब करने वालों से पुलिस से सख्ती से निपटेगी। इसलिए कानून और शांति व्यवस्था बनाई जाए। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने कहा कि पंचायत चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखे। उन्होंने बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ की बैठक में कहा कि अभी पंचायत चुनाव की तारीखों का एलान नहीं हुआ है, लेकिन प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी रखनी शुरू कर दी है। गांवों में चुनावी माहौल बनने लगा है। ऐसे में कोई भी शांति व्यवस्था को खराब करने की कोशिश न करे। यदि कोई असामाजिक तत्व ऐसी हरकतें करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।