अवैध निर्माण पर चला जीडीए का बुलडोजर, नक्शे से विपरीत निर्माण किए ध्वस्त

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की नेहरूनगर योजना में भूखंड संख्या सेकेंड ई-26 खसरा संख्या-576 ग्राम जटवाड़ा कलां मेंं करीब 135 वर्गमीटर के भूखंड पर कब्जा कर अवैध रूप से चलाई जा रही डेयरी को खाली कराकर भूखंड पर किए गए अवैध निर्माण को जीडीए प्रवर्तन दस्ते की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
गुरूवार को जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह एवं जीडीए सचिव बृजेश कुमार के अवैध निर्माण ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई।जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी अधिशासी अभियंता राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर सहायक अभियंता प्रबुद्धराज सिंह,सहायक अभियंता अजीत सिंह,अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता अजय कुमार वर्मा एवं अवर अभियंता अनिल कुमार सिंह,चंद्रमौलि पांडेय,एसके श्रीवास्तव एवं जीडीए पुलिस और सिहानी गेट थाना पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराई।

जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि नेहरूनगर में करीब 135 वर्गमीटर के ई-26 भूखंड पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था। इसकी वर्तमान में करीब 65 लाख रुपए कीमत है। इस पर सुनीता पाल पत्नी मदनपाल द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर डेयरी चलाई जा रही थी।डेयरी को खाली कराकर इसमें किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा नेहरूनगर में भवन संख्या-11 ई-102 में विजय गोयल,पत्नी मीना गोयल द्वारा 250 वर्गमीटर के भूखंड पर जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत सैट बैक को कवर करते हुए अगले सैट बैक में किए गए अवैध निर्माण का आंशिक हिस्से को तोड़ा गया।

इसके अलावा भूखंड संख्या-125 नया 202 मॉडल टाउन जीटी रोड पर विजय अग्रवाल पुत्र लक्ष्मी चंद अग्रवाल ने लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के आंशिक भाग में सैट बैक को कवर कर बनाए गए शोरूम का अगला हिस्सा शटर समेत ध्वस्त किया गया। जोन प्रभारी ने बताया कि विजय अग्रवाल समेत अन्य को पूर्व में नोटिस दिया गया था। मगर निर्माणकर्ताओं ने अवैध निर्माण एवं उपयोग का शमन नहीं कराया गया। जबकि नक्शा भी पास नहीं कराया गया। इन्हें बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। चेतावनी दी गई कि दोबारा से अवैध रूप से निर्माण किया गया तो संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।