गाजियाबाद-नोएडा की परेशानी चंद घंटों में होगी दूर , मिलेगा भरपूर पानी

गाजियाबाद। नोएडा और गाजियाबाद के नागरिकों की बड़ी परेशानी अगले कुछ घंटे में दूर होने जा रही है। पिछले करीब 25 दिन से बंद गंगाजल आपूर्ति ब्रहस्पतिवार यानि आज शाम सुचारू होने जा रही है। इसके बाद शुक्रवार से सुबह-शाम गंगाजल मिल सकेगा। गंगाजल आपूर्ति को सुचारू करने के लिए सिंचाई विभाग और नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गंगनहर की सालाना सफाई के कारण प्रतिवर्ष अधिकतम एक माह तक गंगाजल आपूर्ति को बंद रखना पड़ता है। इस बार 25 दिन से आपूर्ति बाधित पड़ी है।

गंगनहर की सफाई का काम पूरा हो चुका है। इस बीच महापर्व छठ आने पर प्राचीन हिंडन नदी में गंगाजल छोड़ा गया। इसके चलते नोएडा एवं गाजियाबाद में गंगाजल आपूर्ति को सुचारू करने में थोड़ा वक्त लग गया। प्रताप विहार प्लांट से नोएडा के अलावा ट्रांस हिंडन क्षेत्र की वसुंधरा, वैशाली, कौशाम्बी, इंदिरापुरम, ब्रिज विहार, सूर्यनगर, चंद्रनगर, रामप्रस्थ एवं रामपुरी कॉलोनी आदि में गंगाजल की सप्लाई की जाती है। नगर निगम के जलकल विभाग के महाप्रबंध योगेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि ब्रहस्पतिवार की शाम से गंगाजल आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। तदुपरांत शुक्रवार से सुबह-शाम दोनों समय नागरिकों को भरपूर गंगाजल मिल सकेगा।

गंग नहर की सफाई के चलते 15 अक्टूबर को हरिद्वार से पानी छोड़ना बंद कर दिया गया था। प्लांट में एकत्र पानी की आपूर्ति 17 अक्टूबर तक की गई। 18 अक्टूबर से नोएडा और ट्रांस हिडन क्षेत्र की कॉलोनियों में गंगाजल आपूर्ति पूरी तरह से बंद है। जलकल विभाग और जीडीए द्वारा नलकूपों से सिर्फ सुबह के समय एक घंटे पेयजल आपूर्ति की जा रही है। गत 5 नवंबर की रात को हरिद्वार से गंगनहर में गंगाजल छोड़ दिया गया था, मगर महापर्व छठ के लिए सिंचाई विभाग ने गंगाजल को हिंडन नहर में छोड़ दिया। इससे गंगाजल प्लांट में पानी नहीं पहुंच पाया था।