युवाओं के लिए सदैव प्रेरक की भूमिका में रहे मिल्खा सिंह: सरदार एसपी सिंह

-फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह ने विश्व में लहराया था भारत का परचम

गाजियाबाद। फ्लाइंग सिख के नाम से पहचाने जाने वाले और हर एथलीट के प्रेरणा स्रोत मिल्खा सिंह इस दुनिया में नहीं रहे। पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 का इलाज करा रहे मिल्खा सिंह ने शुक्रवार देर रात अंतिम सांस ली। महान शख्सियत, बेहतरीन खिलाड़ी और उसे भी अच्छे इंसान के आशीर्वाद की यादें युवाओं में भी तरोताजा है। मौलाना आजाद एजूकेशन फांउडेशन के सदस्य सरदार एसपी सिंह ने फ्लाइंग सिक्ख सरदार मिल्खा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पद्म श्री मिल्खा सिंह युवाओं के लिए सदैव प्रेरक की भूमिका में रहे। देश ने आज एक महान खिलाड़ी को खो दिया, विपरीत परिस्थितियों में खेल जगत में भारत को विश्व में सम्मान दिलाया। 2013 में गाजियाबाद में वह पार्टी द्वारा आयोजित स्वामी विवेकानन्द की जयंती पर एक दौड़ देश के नाम कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उस समय नगर के युवाओं में उनको लेकर उत्साह देखते ही बनता था। तब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह यहां के सांसद थे, टैस्ट क्रिकेट खिलाड़ी व क्रीड़ा भारती के प्रदेश सयोंजक चेतन चौहान भी युवाओं के उत्साह को देख कर चकित थे। कार्यक्रम के संयोजक अजय शर्मा थे। श्री सिंह ने कहा कि मिल्खा सिंह के जाने से पूरा देश दुखी है और दौड़ में अपनी भूमिका को लेकर वे सदैव स्मरण किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि मिल्खा सिंह ने भारत का नाम देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के खेल जगत में रौशन किया था। मिल्खा सिंह ने 1956 से लेकर 1964 तक जिस तरह बिना किसी संसाधनों से कड़ी मेहनत कर विश्व स्तर पर एथलेटिक की दुनियां में अपना लोहा मनवाकर भारत का नाम रोशन किया उसकी जितना प्रशंसा की कम है। मिल्खा सिंह का इस संसार से चले जाना भारत खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति है, जोकि कभी नहीं पूरी हो सकती तथा हम सभी को मिल्खा सिंह की कड़ी मेहनत से प्रेरणा लेनी चाहिए।