हाउस टैक्स की शत-प्रतिशत वसूली के लिए जोनवार चलेगा अभियान

-नगर निगम सोसायटी एवं वंचित भवनों से वसूलेगा हाउस टैक्स
– हाउस टैक्स की करीब 170 करोड़ रुपए में 100 करोड़ रुपए की वसूली

गाजियाबाद। नगर निगम इस वित्तीय वर्ष में हाउस की शत-प्रतिशत वसूली करने के लिए अब हाउस टैक्स की वसूली में तेजी लाएगा। शहर में सोसायटी से लेकर हाउस टैक्स से वंचित भवनों पर हाउस टैक्स लगाकर वसूली करेगा। इसके लिए वार्डों से लेकर सोसायटी में शिविर लगाए जाएंगे। शहर की सभी सोसायटी में हाउस टैक्स वसूली पर ज्यादा फोकस रहेगा।
नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने इस संबंध में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा से लेकर सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारियों को हाउस टैक्स की वसूली करने के लिए आदेश दिए हैं। नगर निगम को इस वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स की करीब 170 करोड़ रुपए की वसूली करनी हैं। इसके सापेक्ष नगर निगम अभी तक करीब 100 करोड़ रुपए की वसूली ही कर पाया है।

31 मार्च को वित्तीय वर्ष खत्म हो जाएगा। ऐेसे में हाउस टैक्स दाताओं को फरवरी और मार्च माह में हाउस टैक्स में छूट भी नहीं मिल पाएगी। नगर आयुक्त ने पिछले दिनों की समीक्षा बैठक में 6 टैक्स इंस्पेक्टरों की लापरवाही उजागर हुई थी। इन सभी इंस्पेक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, नगर निगम में फंड की कमी होने के चलते अब हाउस टैक्स की वसूली पर ज्यादा जोर रहेगा। नगर आयुक्त ने हाउस टैक्स वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पांचों जोन के जोनल प्रभारियों को हाउस टैक्स की वसूली में तेजी लाने के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए है।

इसके साथ ही सोसायटी से लेकर अन्य जो भी संपत्तियां हाउस टैक्स के दायरे में नहीं हे। उन पर भी हाउस टैक्स लगाया जाएगा। नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि हाउस टैक्स की वसूली करने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। शहर में सभी सोसायटी में हाउस टैक्स की वसूली पर विशेष ध्यान रहेगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक अब तीन माह में हाउस टैक्स की वसूली मेें तेजी लाई जाएगी। इसके लिए जोनवार अभियान चलाकर वसूली की जाएगी।