नगर निगम स्वच्छ पेयजल का भी होगा सर्वेक्षण

वर्चुअल बैठक में जलकल विभाग अधिकारियों से चर्चा

गाजियाबाद। सचिव नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में स्वच्छ पेयजल सर्वेक्षण के संबंध में शनिवार को नगर निगम अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई। जिसमें नगर निगम द्वारा शहर को कराई जा रही जलापूर्ति के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही जल की शुद्धता व अन्य विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक में जानकारी ली गई। बैठक में नगर आयुक्त डॉक्टर नितिन गौड़ के निर्देशानुसार महाप्रबंधक जल आनंद कुमार त्रिपाठी, योगेंद्र यादव अधिशासी अभियंता व अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण की तर्ज पर ही अब निगम स्वच्छ पेयजल सर्वेक्षण भी कराया जाएगा। जिससे संबंधित पोर्टल भी नगर निगम को जारी हो चुका है। जिसमें 5 पैरामीटर के आधार पर नगर निगम द्वारा की जा रही जल व्यवस्था के बारे में शासन को जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जिस से संबंधित वर्चुअल बैठक में विशेष चर्चा की। जिसके आधार पर समय सीमा निर्धारित करते हुए मौके पर निरीक्षण कर सर्वेक्षण भी किया जाएगा।

महाप्रबंधक जल आनंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शहर में कराई जा रही जलापूर्ति के माध्यम तथा जल की शुद्धता के बारे में वर्चुअल बैठक पर जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिसमें दिए गए पोर्टल पर भी उक्त जानकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। 5 पैरामीटर्स में प्रथम चरण में वॉटर कनेक्शन की स्थिति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग की स्थिति, एसटीपी तथा एफएसटीपी की जानकारी, वाटर बॉडीज की जानकारी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी तथा यूएलबी की संख्या संबंधित जानकारी पोर्टल के माध्यम से जारी की जाएगी। जिसमें समय-समय पर सर्वेक्षण के आधार पर बदलाव भी किए जाएंगे। जिससे शहर को जलकल विभाग की कार्यवाही से और बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।