नगर निगम ने शहरवासियों को दी बड़ी राहत, अब घर बैठें ऑनलाइन कर सकेंगे सेल्फ असेसमेंट

-मेयर एवं नगर आयुक्त ने किया ऑनलाइन सेल्फ असेसमेंट निर्धारण प्रणाली का शुभारंभ

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर की सूझ और बूझ के चलते नगर निगम ने प्रदेश में फिर एक बार प्रथम नंबर प्राप्त किया है। नगर निगम द्वारा जन सामान्य की सुविधा के लिए ऑनलाइन सेल्फ असेसमेंट/स्वकर निर्धारण प्रणाली को आरम्भ किया है। जिसका शुभारंभ सोमवार को मेयर एवं नगर आयुक्त ने संयुक्त रुप से किया। जो कि डब्लूडब्लूडब्लू डॉट ऑनलाइन जीएनएन डॉट कॉम वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस सुविधा का प्रयोग करके कोई भी सम्पत्ति स्वामी/अध्यासी अपने मकान या सम्पत्ति कर स्वकर निर्धारण करने के लिए अपना फार्म ऑनलाइन भर सकते है। फार्म भरने के लिए सम्पत्ति स्वामी-अध्यासी को अपनी सम्पत्ति की आवश्यक जानकारी जैसे वार्ड, मोहल्ल, पूरा पता, नाम, मकान के निर्माण का प्रकार और किस वर्ष में निर्माण किया गया। मकान में कितने तलो का निर्माण किया गया है, उसके उपयोग का प्रकार कार्पेट अथवा कवर्ड एरिया, रॉड की चौड़ाई इत्यादि का विवरण दिए गए प्रारूप पर भरना जरुरी होगा। भरे गए प्रारूप को सबमिट करने के बाद वेबसाइट से एक टोकन नंबर प्राप्त होगा, जिसको नगर निगम अधिकारियों द्वारा जांच करने के पश्चात उसका निरीक्षण करने के उपरांत अथवा बिना निरीक्षण किये गृहकर बिल आदि की कार्यवाही की जाएगी तथा ऐसी सम्पत्ति को एक यूनिक कोड भी दिया जाएगा।

यह ऑनलाइन सर्विस दर्शाये गए वेबसाइट के होम पेज पर ही सेल्फ असेसमेंट के नाम से उपलब्ध है। जिस पर क्लिक कर के सुविधा का लाभ लिया जा सकता है और नगर निगम कार्यालय में आए बिना ही घर बैठे सम्पत्ती को गृहकर आदि के लिए रजिस्टर कराया जा सकता है। यदि किसी सम्पत्ति के विवरण में गलत सूचना दी गयी है और इसकी पुष्टि नगर निगम के स्टाफ द्वारा किये गए थल निरीक्षण में भी होती है तो ऐसे मामले में नगर निगम द्वारा दण्ड आरोपित किया जाएगा। सेल्फ असेसमेंट के साथ भवन स्वामी अपना गृहकर, जलकर, एवं सीवर कर की जानकारी भी यही से ले सकते है। इसके साथ-साथ किसी भवन स्वामी से गलती से ज्यादा भुगतान कर देते हैं तो नगर निगम को इसकी सूचना देने पर नगर निगम भवन स्वामी के उसी खाते में रकम वापस भेजेगा या फिर अगले वर्ष एडजस्टमेंट करेगा।

घर बैठे होगा समस्या का समाधान, जल्द होगा मोबाइल ऐप का शुभारंभ
नगर निगम जनता की सुविधा के लिए जल्द वेब पोर्टल की लॉन्चिंग करने जा रहा है। जिस पर शहर के लोग अपने घर बैठे-बैठे जलकल विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, सम्पत्ति विभाग, प्रकाश विभाग की ऑनलाइन शिकायत या फिर समस्या से अवगत करा सकते है। जिसके निस्तारण के लिए कन्ट्रोल रूम संबंधित अधिकारियों को अवगत कराते हुए कराया जाएगा एवं उसके बाद ये सुविधा शहर के हर घर हर हाथ मे भी होगी। क्योंकि नगर निगम एक ऐप लॉन्च करेगा और वह ऐप कोई भी अपने मोबाइल में डाऊनलोड कर सकता है।

नगर निगम से सम्बंधित समस्याओ का समाधान घर बैठे करा सकता है। मेयर एवं नगर आयुक्त ने सामुहिक बैठक की। जिसमें गृहकर की वसूली के लिए निर्देश दिए गये। मेयर द्वारा सभी जोनल प्रभारी को आदेश दिए गए कि क्षेत्र मे जाए और टेक्स की वसूली हर हाल में की जाए। पिछले दिनों टैक्स वसूली के अंतराल इस माह वसूली अच्छी दिखाई देनी चाहिए। जिससे नगर निगम शहर में विकास कार्य शुरू करा सकें।