क्लीन टॉयलेट के प्रति नगर निगम ने चलाया जागरूकता अभियान

  • शौचालय के बाहर स्कूली बच्चों ने बनाई रंगोली
  • क्लीन टॉयलेट कैंपेन के अंतर्गत निगम ने चलाया अभियान, नगर विकास विभाग ने की सराहना

गाजियाबाद। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्लीन टॉयलेट कैंपेन चलाया जा रहा है। जिसके क्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार अभियान को भव्य रूप दिया गया। शुक्रवार को जन सहभागिता से शहर में स्वच्छ शौचालय के प्रति शहर वासियों को जागरूक किया गया। जिसमें नगर पालिका बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने भी विशेष सहयोग किया। खुले में शौच न करने, शौचालय का इस्तेमाल करने के लिए मुख्य चौराहा पर जाकर नगर निगम द्वारा जागरूकता का अभियान चलाया गया। नवयुग मार्केट सिटी जोन स्थित पब्लिक टॉयलेट के बाहर नगर पालिका बालिका विद्यालय की छात्राओं ने फूलों से सुंदर रंगोली बनाई और स्वच्छता का संदेश जन-जन को दिया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कैंपेन का मुख्य उद्देश्य टॉयलेट के साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है। साथ ही लोगों को खुले में शौच करने से रोकना भी है।

टॉयलेट हाइजीन हर किसी के लिए आवश्यक होता है। गंदे टॉयलेट का इस्तेमाल करने के कारण कई तरह के संक्रमण का खतरा होता है। ऐसे में हाइजीन का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। टॉयलेट सीट करोड़ों बैक्टीरिया से घिरी हुई होती है, दरअसल गंदे जूते-चप्पल के कारण इसमें बैक्टीरिया चिपक जाते हैं। ऐसे में आप टॉयलेट सीट की साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें। टॉयलेट सीट का इस्तेमाल करने से पहले या बाद में इसे टॉयलेट सैनिटाइजर से जरूर साफ करें। नगर आयुक्त के नेतृत्व में शहर में चल रहे स्वच्छता के अभियान को लेकर शहर वासी प्रशंसा कर रहे हैं।

नगर विकास विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा भी सोशल मीडिया के माध्यम से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा क्लीन टॉयलेट कैंपेन की सराहना की गई। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शौचालय की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसकी मॉनिटरिंग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार कर रहे हैं। नगर निगम कैंपेन के माध्यम से खुले में शौच ना करने एवं शौचालय को स्वच्छ व साफ रखने के लिए अपील की गई है।