गाजियाबाद। शहर में कचरा पृथकरण की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ठोस कचरा प्रबंधन से अवगत कराया गया। सभी से अपील की गई कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखें। और अलग-अलग ही कूड़ा एकत्र करने वाले को दें। इससे कचरा प्रबंधन में काफी मदद मिलेगी। इस दौरान लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
शुक्रवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश के नेतृत्व में कवि नगर जोन स्थित सेक्टर-23 संजय नगर के डीडीपीएस स्कूल में स्वच्छ भारत मिशन की ब्रांड एंबेसडर रामवीर तंवर द्वारा विद्यार्थियों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने की एक्टिविटी की गई। इसके अलावा विजय नगर जोन में भी रोज वैल स्कूल में स्वच्छता टायकेथान के अंतर्गत पुरानी कचरे से खिलौने बनाने की मुहिम के साथ जन जागरूकता अभियान चलाया गया।

मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ के कुशल नेतृत्व में शहर निवासियों के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिसमें क्षेत्रीय पार्षदों का भी विशेष योगदान प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों के साथ मिलकर कचरा पृथक्करण का अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें विद्यार्थियों को स्वच्छता के दो रंग हरा रंग गीले के लिए, तथा सूखे कचरे के लिए नीला रंग बताया गया है। ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से समाज को भी जागरूक किया जा सकें कि किस प्रकार दोनों प्रकार के कचरे को अलग-अलग करके ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडिय़ों में डाला जाना है।

पुराने कचरे से खिलौने व अन्य उपयोगी सामान बनाने के लिए जागरुक किया गया। विजय नगर स्थित रोजवेल स्कूल में विद्यार्थियों को डेमो दिया गया कि वह किस प्रकार पुराने घर के कचरे का सदुपयोग करते हुए उनसे खिलौने व अन्य उपयोगी वस्तुएं बना सकते हैं। जिसको लगन से विद्यार्थियों ने समझा और मौके पर ही एक प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिससे कचरे से बच्चों ने लाइट लैंप व अन्य डेकोरेशन की चीजें भी बनाई। इस प्रकार की प्रतियोगिता से अभिभावकों में भी जागरूकता देखी गई। जिनके द्वारा नगर निगम का आभार जताया।
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर रामवीर तंवर ने चलाई स्वच्छता की पाठशाला कवि नगर जोन में स्थित डीडीपीएस स्कूल में नगर निगम द्वारा ब्रांड एंबेसडर रामवीर तंवर के साथ मिलकर स्कूल के विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिसमें पोंड मैन रामवीर तंवर द्वारा, तालाबों के रखरखाव के बारे में भी बेहतर जानकारी दी कि किस प्रकार हम उनका शहर में रखरखाव करेंगे तो किस प्रकार भूजल स्तर में बढ़ावा होगा। नगर निगम द्वारा चलाई जा रही विद्यार्थियों के बीच इस प्रकार के अभियान से अभिभावकों में भी जागरूकता देखी गई।















