नगर निगम पेश करेगा मिसाल, शहर में 5 मुख्य तालाबों पर फहरेगा तिरंगा

आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत विशेष तैयारियां

गाजियाबाद। शहर में राजस्व रिकॉर्ड से खोजे गए तालाबों के जीर्णोद्धार की दिशा में नगर निगम ने ठोस प्रयास आरंभ कर दिए हैं। संबंधित तालाबों को हरा-भरा बनाने के लिए पौधरोपण भी कराया जा रहा है। अमृत सरोवर कार्यक्रम के तहत कुछ तालाबों पर 14 अगस्त को ध्वजारोहण भी किया जाएगा। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत नगर निगम द्वारा विशेष कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कुछ तालाबों पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम तय किया गया है।

पहली बार तालाबों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। नगर निगम ने शहर में राजस्व रिकॉर्ड से कुछ तालाबों को खोजा है। जिनके जीर्णोद्धार पर काम चल रहा है। तालाबों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए कैच दा रेन योजना के तहत तालाबों को सुसज्जित व सुव्यवस्थित किया जा रहा है। इस काम में विभाग की टीम पूरी तन्मयता से जुटी है। आजादी का अमृत महोत्सव के क्रम में महापौर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर 14 अगस्त प्रात: 9 बजे से अमृत सरोवर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

ऐसे में सदरपुर, नायफल, पक्का तालाब, मोरटा तालाब तथा अर्थला झील पर ध्वजारोहण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगरायुक्त ने इन तालाबों पर विशेष ध्यान देते के लिए कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते तालाबों के भीतर स्वच्छ जल, आस-पास पौधरोपण, विशेष सफाई तथा आस-पास के क्षेत्र में तिरंगा झंडा लगाने की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम से पहले ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। वह तालाबों पर जाररी इन तैयारियों से काफी खुश है। क्षेत्रीय पार्षद भी इस कार्यक्रम में सहयोग दे रहे हैं। अर्थ सामाजिक संस्थान के साथ-साथ पॉन्ड मैन रामवीर तंवर का भी विशेष सहयोग नगर निगम को प्राप्त हो रहा है।

पॉन्ड मैन रामवीर तंवर ने बताया कि नगर निगम के तालाबों की तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है। जहां कभी गंदगी के ढेर लगे थे, वहां खुशबूदार पौधों के साथ-साथ फलदार पौधे भी लगाए गए हैं और तालाब के अंदर मछलियों के लिए उन्हीं के अनुकूल जल की व्यवस्था कराई गई है। कुछ तालाब तो इतने व्यवस्थित हो गए हैं कि वह पर्यटक स्थल के रूप में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरायुक्त के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदों की मेहनत रंग लाई है, जिसके चलते अमृत सरोवर का कार्यक्रम तालाबों के समीप आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम से नागरिकों में तालाबों की महत्ता बढ़ेगी और भूजल स्तर बढ़ाने के प्रति भी जागरूकता आएगी।