नगर निगम की बढ़ेगी आमदनी, नगरायुक्त ने मातहतों के साथ किया विचार-विमर्श

गाजियाबाद। नवनियुक्त नगरायुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आय-व्यय के स्त्रोतों की विस्तृत जानकारी ली। राजस्व में बढ़ोत्तरी करने से संबंधित बिदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों पर होने वाले खर्च की भी जानकारी ली ताकि अनावश्यक खर्चों को कम किया जा सके। इसके अलावा आगामी त्यौहारों के संबंध में भी चर्चा की गई।

नगर निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में नगरायुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने विभागाध्यक्षों के कार्यभार के बारे में विस्तृत चर्चा की। अपर नगरायुक्त शिवपूजन यादव व अरुण कुमार यादव ने सभी अधिकारियों के दायित्व तथा प्रभार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उद्यान, जलकल, प्रकाश, निर्माण, अतिक्रमण, टैक्स आदि विभाग के कार्यों पर विभागीय अध्यक्षों से विस्तृत चर्चा की गई। नगरायुक्त डॉ. गौड़ ने सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के विषय में भी अवगत कराया।

त्यौहारों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में नगरायुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने आगमाी त्यौहारों के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने त्यौहारों के मद्देनजर नगर निगम स्तर से सभी व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया। जिसके क्रम में शहीद स्थलों के साथ-साथ हरनंदी की साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण, विशेष लाइटिंग, लैंडस्कैपिंग तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए गए। गांधी जयंती, छठ पूजा, दीपावली, भैया दूज तक त्योहारों पर विशेष कार्यवाही करने पर जोर दिया गया।

आय-व्यय की जानकारी ली
बैठक में लेखाधिकारी ने नगरायुक्त को नगर निगम के आय-व्यय का ब्यौरा दिया। किन-किन मदों से आय बढ़ रही है, इस पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें स्वास्थ्य, उद्यान विभाग के साथ-साथ विशेष रूप से टैक्स विभाग ने विस्तृत जानकारी दी गई। नगर निगम का रेवेन्यू बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। टैक्स से होने वाली आय, निगम संपत्ति से होने वाली आय, उद्यान विभाग के अंतर्गत नर्सरी से आय के अलावा कूड़े से होने वाली आय व अन्य कई योजनाओं के अंतर्गत जिनसे आए सृजित होती है, विस्तृत चर्चा की गई। विभागों में होने वाले खर्च की भी नगरायुक्त ने जानकारी ली। बैठक में चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, डॉ. अनुज उद्यान प्रभारी, डॉ. मिथिलेश नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सीटीएओ डॉ. संजीव सिन्हा, महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी, लेखाधिकारी राजेश कुमार गौतम, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर देशराज सिंह, संपत्ति अधीक्षक भोलेनाथ गौतम आदि मौजूद रहे।