ओबीसी समाज भाजपा के बनेंगे सारथी: जसवंत सैनी

-ओबीसी मोर्चा इकाई द्वारा पछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन

गाजियाबाद। बीजेपी किस तरह मजबूती से चुनाव लड़ेगी इसको लेकर बीजेपी जनपद की ओबीसी मोर्चा इकाई ने मोर्चा के महानगर अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में रविवार को कार्यकर्ताओं के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया। विजय नगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किए गए सम्मेलन को पिछड़ा वर्ग आयोग के प्रदेश अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का पिछड़ा वर्ग बीजेपी के साथ खड़ा है। आगामी विधानसभा चुनाव में ओबीसी मोर्चा बड़ी भूमिका निभाएगा। 55 प्रतिशत ओबीसी समाज के लोग सारथी बनकर भाजपा के साथ हैं। इसकी बड़ी वजह यह कि भाजपा देश की संस्कृति और राष्ट्रीयता के सम्मान को बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने अन्य दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि राजनीतिक दलों ने पिछड़े वर्ग के लोगों को अब तक सिर्फ वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया। दूसरी तरफ भाजपा ने सरकार और संगठन में भागीदारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के लोगों का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा सिर्फ राष्ट्र हित की राजनीति करती है। यदि तुष्टीकरण करती तो कश्मीर से अनुच्छेद 370 न खत्म करती। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भी न शुरू होता। तीन तलाक एवं नागरिक संशोधन कानून भी नहीं बनता। भाजपा ने आतंकवाद, अलगाववाद, नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार किया है। उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी को भी रोका है। प्रधानमंत्री ने पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कई योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ मिल रहा है। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा की सम्मेलन की संपन्नता के बाद ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही बताएंगे कि भाजपा के शासन में जनता को योजनाओं से कितना लाभ मिला है। इस मौके पर महामंत्री पप्पू पहलवान, पार्षद सुनील यादव, विनोद त्यागी, देवेंद्र त्रिपाठी, सुधीर शर्मा, सुरेंद्र नागर, करतार सिंह, चंपा माहौर, लेखराज माहौर, मीडिया प्रभारी अश्विनी शर्मा,नीरज गोयल, मनोज यादव, उमेश भाटी, प्रियंक विकल, इंदर बजरंगी, नीरज पांचाल, विनोद चौधरी, अवतार भाटी, विशेष नागर, थान सिंह कश्यप, सतीश प्रजापति, अर्जुन नगर, ओमेंद्र कसाना, लीलू चौधरी, मनीष चौधरी, विजय जोगी, राजवीर यादव, विपिन सैनी, नरेश कश्यप, संजय प्रजापति ,मोहित यादव समेत हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।