चौरी-चौरा के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की

गाजियाबाद। मेरठ रोड स्थित शहीद स्मारक पर आज चौरी-चौरा शताब्दी समारोह मनाया गया। समारोह में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना रहे। उन्होंने कहा कि चौरा चौरी कांड के शहीदों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। समारोह में मेयर आशा शर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर तथा मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में चौरी-चौरा कांड में शहीदों द्वारा अपने प्राणों की आहुति दी गई।

बता दें कि देश की आजादी में अह्म भूमिका निभाने के साथ अंग्रेजों को चुनौती देने वाले गोरखपुर के चौरी चौरा कांड का आज शताब्दी वर्ष है। चौरी-चौरा कांड के 100 साल पूरे हो गए हैं। विगत 4 फरवरी 1922 के दिन गुस्साई भीड़ ने दारोगा के खराब बर्ताव के खिलाफ नाराजगी का इजहार कर चौरा थाने को जला दिया था। नाराज भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया था। उस समय कुछ पुलिस कर्मी बाहर गए थे। जब शाम को वह वापस लौटे तो उन्होंने वहां लाशें बिखरी देखीं। बहुत सी लाशें जल रही थीं। थाना भवन जल रहा था। थाना भवन में दारोगा सहित 22 पुलिस कर्मियों और चौकीदारों की मृत्यु उसी दिन हो गई थी। एक थाना कर्मी की मृत्यु अगले दिन हुई। इस पूरे घटनाक्रम में स्वयं सेवकों के साथ महिलाओं की भी भागीदारी रही।