स्वच्छ वातावरण एवं पर्यावरण की स्वच्छता के लिए पौधारोपण जरूरी: नगर आयुक्त

-नगर निगम ने शहर में चलाया वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ वातावरण देने के लिए नगर निगम कोई कोर कसर नही छोड़ रहा है। जिसमें निगम की ओर से वृहद स्तर पर पौधारोपण की कार्यवाही चल रही है। जिसमें संपूर्ण शहर के इलाकों में निगम अधिकारियों, पार्षदों तथा आरडब्ल्यूए के साथ-साथ कई एनजीओ के पदाधिकारियों ने संयुक्त रुप से पौधरोपण किया।
मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने मंगलवार को वसुंधरा जोन में स्वामी कल्याण देव वाटिका सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ मिलकर पौधा रोपित किया। जिसमें रोटरी के पदाधिकारियों ने भी अपना सहयोग प्रदान किया। वसुंधरा जोन में वार्ड संख्या-36 के पार्षद अरविंद चौधरी द्वारा स्वामी कल्याण देव वाटिका सेक्टर-14 वसुंधरा में पौधारोपण में क्षेत्रीय निवासियों के साथ सहयोग किया। मेयर एवं नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंच कर पौधा रोपित किया। आरडब्लूए पदाधिकारियों ने पौधा भेंट कर निगम अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।

पार्षद अरविंद चौधरी ने बताया कि स्वामी देव कल्याण वाटिका में करीब 3 हजार पौधे लगाकर पौधारोपण समारोह सफल किया। वसुंधरा रोटरी के पदाधिकारियों द्वारा लगाए गए पौधों को मेंटेन की जिम्मेदारी सहर्ष स्वीकार की। वार्ड संख्या-89 पार्षद मधु सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह व अन्य उद्यान की टीम उपस्थित रही। नगर निगम के सहयोग के लिए पार्षदों का भी विशेष रुझान देखने को मिल रहा है। जिसमेंं अधिकांश वार्डों में वृहद स्तर पर पौधारोपण का कार्य चल रहा है।

सिटी जोन में पार्षद साक्षी नारंग, कवि नगर जोन में पार्षद हिमांशु मित्तल, राजकुमार नागर तथा मोहन नगर जोन में पार्षद हेमलता शर्मा तथा अन्य पार्षदों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में पौधारोपण नगर निगम टीम के साथ मिलकर किया। विजयनगर जोन सिद्धार्थ विहार में लगाए गए 18 हजार पौधे जायजा लेने के साथ-साथ किया गया। पौधारोपण जिसमें महापौर जी तथा नगर आयुक्त महोदय द्वारा संयुक्त रूप से पौधारोपण किया गया साथ में उद्यान प्रभारी द्वारा मेयर एवं नगर आयुक्त की उपस्थिति में सिद्धार्थ विहार में लगभग 20 से 25 हजार पौधे लगाने की योजना प्रस्तुत की गई।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि स्वच्छ वातावरण के बिना स्वच्छ जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। पेड़ों व जंगलों के घटते विस्तार से स्वच्छ वातावरण की कल्पना संभव नहीं है। पौधे ही एकमात्र ऐसा विकल्प है जिससे पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को हानि पहुचाने वाले पदार्थों का कम से कम प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने तक हमें अपनी जिम्मेदारी नहीं समझनी चाहिए बल्कि पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। तभी हमारा शहर स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा। जिसमें सभी को साथ मिलकर अपना योगदान देने की जरुरत है।

उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी विभागीय अध्यक्ष भी पौधारोपण में सहयोग कर रहे हैं तथा संपूर्ण अभियान में 10 लाख 6 हजार पौधारोपण करने का लक्ष्य दो दिवस में पूर्ण कर लिया जाएगा। 15 अगस्त तक वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। हर्षा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा भी पौधारोपण किया गया। जिसमें राज्य मंत्री राजेश शर्मा ने भी हिस्सा लिया और पौधारोपण के लिए सभी को उत्साहित किया। नगर निगम द्वारा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग बेहतर स्तर पर दिया जा रहा है। जिसमें अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए जन जागरूकता भी की जा रही है।