पर्यावरण के साथ मानव जीवन के लिए भी खतरा है प्लास्टिक

-अग्रवाल वैश्य परिवार ने पॉलिथिन के खिलाफ निकाली बहिष्कार रैली

गाजियाबाद। पर्यावरण का संकट हमारे लिए एक चुनौती के रुप में उभर रहा है। संरक्षण के लिए अब तक बने सारे कानून और नियम सिर्फ किताबी साबित हो रहे हैं। पारस्थितिकी असंतुलन को हम आज भी नहीं समझ पा रहे हैं। पूरा देश जल संकट से जूझ रहा है। प्राकृतिक असंतुलन की वजह से पहाड़ में तबाही आ रही है। आर्थिक उदारीकरण और उपभोक्तावाद की संस्कृति गांव से लेकर शहरों तक को निगल रही है। प्लास्टिक कचरे का बढ़ता अंबार मानवीय सभ्यता के लिए सबसे बड़े संकट के रुप में उभर रहा है। प्लास्टिक निर्मित पदार्थो से पैदा हुए कचरे का निपटारा करना अत्यंत ही कठिन कार्य होता है। पृथ्वी पर प्रदूषण फैलाने में भी इसी प्लास्टिक का काफी अहम योगदान है। यह बातें शनिवार को शुक्र बाजार इंदिरापुरम में अग्रवाल वैश्य परिवार की ओर से प्लास्टिक बहिष्कार रैली में व्यापारियों को जागरुक करते हुए संरक्षक प्रदीप गुप्ता ने कही।

उन्होंने कहा इस हानिकारक प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग को रोककर ही हम इस भयावह समस्या पर काबू पा सकते हैं। हमें हर एक व्यक्ति को इस समस्या के निवारण के लिए समझाना होगा, जागरूक कारण होगा और इस समस्या के समाधान के लिए आगे आना होगा। इसे रोकने में अपना बहुमूल्य योगदान देना होगा तभी हमारी धरती इंसानों के रहने लायक बनी रहेगी। वैश्य अग्रवाल परिवार पूर्व में भी गढ़ गंगा पर महाराजा अग्रसेन के पवित्र स्थल अग्रोहा, गाजियाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों में प्लास्टिक का प्रयोग न करने के संबंध में रैलियां निकाल कर लोगों को जागरुक कर चुका है।

अध्यक्ष महानंद अग्रवाल ने कहा दुकानदारों से कहा कि किसी को भी पॉलीथिन में कोई सामान न दें, सामान लेने वालों से घर से थैला लाने के लिए कहें। जब ठेली-पटरी वाले खुद से इसके प्रयोग पर प्रतिबंध लगा देंगे तो लोगों को खुद मजबूरन घर से थैला लाना पड़ेगा। प्लास्टिक से बना सामान जन स्वास्थ्य और हमारे स्वच्छ पर्यावरण के लिए एक गंभीर खतरा बन गया है। लोग सब्जियां, चावल, मछली, दूध, खाना, पनीर और मांस आदि जैसी चीजों को ले जाने के लिए पालिथीन से बने लिफाफों का अंधाधुंध इस्तेमाल करते हैं। जो बहुत घातक है। इस मौके पर सचिव प्रदीप आर्य, संरक्षक सीमांत गुप्ता, उपाध्यक्ष सीमा गुप्ता, एमपी मित्तल, विनीत सिंघल, राकेश आर्य, आरके अग्रवाल सहित सैकड़ो लोगों ने हाथों में बैनर लेकर पॉलिथिन के खिलाफ बहिष्कार रैली निकाली।