भाजपा विधायक सुनील शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस ने खदेड़ा

गाजियाबाद। भाजपा विधायक एवं साहिबाबाद उम्मीदवार सुनील शर्मा के खिलाफ रविवार को नागरिकों ने जमकर हंगामा किया। विधायक के खिलाफ बगैर अनुमति सभा करने पर पुलिस ने मौके पर जाकर कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इस नाराज लोगों ने थाना इंदिरापुरम के बाहर हंगामा कर दिया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस घसीट कर थाने के भीतर ले गए। बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया। उधर, एसपी (सिटी) द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस का काम भीड़ एकत्र होने से रोकना है।

बगैर अनुमति जनसभा किए जाने पर हिरासत में लेने के बाद लोगों को छोड़ दिया गया। पूर्वांचल एवं बिहार संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि समाज के लोग भाजपा के प्रत्याशी के रूप में विधायक सुनील शर्मा को मैदान में उतारने से नाराज हैं। इसे लेकर संगठन ने महावीर वाटिका वसुंधरा रेड लाइट के पास विरोध प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई थी। पूर्वांचल और बिहार के लोगों ने रविवार की दोपहर वसुंधरा रेड लाइट के पास सभा की। सूचना पर पहुंची इंदिरापुरम पुलिस लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची।

जहां तमाम लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और विधायक सुनील शर्मा के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पुलिस से लोगों की कहासुनी भी हुई। इस बीच पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर वह लोग नहीं माने। इंदिरापुरम थाना प्रभारी मनीष बिष्ट व अन्य पुलिस कर्मियों ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस बीच धक्का-मुक्की में कुछ पुलिसकर्मी भी गिर गए। मौके पर स्थिति को देखकर पुलिस ने लोगों को थाने में बैठाकर छोड़ दिया। इसके बाद भीड़ वहां से चली गई।

थाना प्रभारी का कहना है कि आला अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया। वहीं, लोनी में भी भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ विरोध तेज होने लगा है। यहां से लोनी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रंजीता धामा ही खुद चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ विरोध के स्वर उठने से अब चुनाव में इनके खिलाफ माहौल बनना शुरू हो गया हैं। वहीं,भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा का कहना है कि बिहार और पूर्वांचल के लोगों ने इंदिरापुरम थाने पर उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। यह विरोधी दलों द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम था।