लोनी में दो मंजिला मकान गिरने से मलबे में महिला समेत 7 लोग दबे

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की आंबेडकर कॉलोनी में शुक्रवार की रात में करीब साढ़े आठ बजे जर्जर दो मंजिला मकान गिरने से एक महिला व एमसीडी कर्मचारी समेत परिवार के सात लोग मलबे में दब गए। महिलाएं और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना देकर मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। मौके पर पहुंचे एसीपी अंकुर विहार विवेक सिंह,लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी डॉ. रामसेवक समेत पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से सात लोगों को बाहर निकालकर दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मलबे में दबने से एक गोवंश और चार मुर्गों की भी मौत हो गई।

दिल्ली के शाहदरा निवासी सुभाष के अंबेडकर कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान में एमसीडी कर्मी अनिल कुमार किराए पर रहते हैं। परिवार में पत्नी माया,चार बेटे अरविंद, अंकित, सागर, चीकू हैं। यह मकान काफी समय से जर्जर था। रात करीब 8:30 बजे मकान की छत पर रखा सामान की वजह से दरारें आनी शुरू हो गईं। सभी लोग कुछ समझ पाते कि अचानक मकान भरभराकर नीचे गिर गया। मकान में मौजूद रूही(4), प्रिंस(5) पुत्र अंकित, अंगराज (5) पुत्र अरविंद, चाइना(22) व कराची (20) पुत्री अनिल उनकी पत्नी माया (45) व अरविंद की पत्नी रीना (27) मलबे में दब गए। परिवार के लोगों ने दरारें आने के बाद बाहर भागने का प्रयास किया लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। पुलिस ने लोगों के साथ मलबे से सभी को बाहर निकालने का काम शुरू कराया।

करीब आधे घंटे बाद मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी अंकुर विहार विवेक कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में सभी की हालत खतरे से बाहर है। घटना में मकान मालिक की लापरवाही पर तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उपचार के बाद सभी को देर रात में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एमसीडी कर्मी अनिल कुमार ने मकान में भूतल में पशु पाल रखे थे,जबकि वह परिवार के साथ प्रथम तल पर रहते थे। मलबे में दबने से एक गोवंश और चार मुर्गों की मौत हो गई। मकान का छज्जा और कुछ हिस्सा कालोनी के बिजली के तारों पर गिर गए।

इससे बिजली के तार टूट कर जमीन पर गिर गए। कालोनी में पानी भरने के दौरान करंट फैलने का खतरा देखकर बिजली आपूर्ति को तुरंत बंद कराया गया। आसपास के लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। लोनी के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ का पानी भरने के बाद पुलिस अधिकारी अब कालोनियों में जर्जर मकानों को चिन्हित कर उनके मकान मालिकों को नोटिस जारी करेगी। जिससे हादसे से पूर्व ही मकान को ठीक करा लिया जाए। वहीं, इस मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को भी भेजी जाएगी। ताकि प्रशासन की ओर से लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों पर कार्रवाई की जा सकें।