त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव : नए रंग में राजनीति शुरू

महिलाएं संभालेंगी 54 ग्राम पंचायतों की कमान

गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने और आरक्षण सूची जारी होने के बाद राजनीतिक दलों की सक्रियता भी बढ़ गई है। दावेदारों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की 161 ग्राम पंचायतों में 54 की कमान महिलाओं के हाथ में होगी। आरक्षण सूची जारी होने के बाद नए सिरे से अब गांवों मेंं राजनीति आरंभ हो गई है। पंचायत चुनाव के लिए जिले के 161 ग्रामों में आरक्षण व सीटों के वर्गीकरण का आरक्षण चार्ट जारी कर दिया गया है। आरक्षण सूची जारी होने के बाद अब हर गांव व ब्लॉक स्तर पर नए सिरे से राजनीति शुरू हो गई है। पिछले 5 साल तक जिन लोगों ने ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य का पद संभाला था, उन्हें अब अपनी सीट छोड़नी होगी। नए आरक्षण में जहां कुछ घर बैठेंगे तो कुछ दोबारा से चुनाव में हाथ आजमा सकेंगे। उम्मीदवारों ने कमर कस ली है। वहीं, राजनीतिक दलों ने भी अपनी नई रणनीति बनानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के लिए ग्रामों के आरक्षण की सूची जारी कर दी गई हैं। आरक्षण सूची जारी होने के बाद अब लोगों से इस पर आपत्तियां मांगी गई है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची शासन को भेज दी जाएगी। नए परिसीमन के बाद प्रधान पद के लिए अनुसूचित जाति को जिले में कुल 31 सीटें मिली हैं। जबकि पिछड़ा वर्ग के खाते में 41 सीटें आई हैं। सामान्य वर्ग को कुल 89 सीटों पर चुनाव लड़ना होगा। वर्ष-2021 में होने वाले पंचायत चुनाव में इन सीटों पर नए समीकरण के साथ प्रत्याशी ताल ठोकेंगे। पिछले चुनाव में जो सीटें आरक्षित थीं, वह अब सामान्य में चली गई हैं। कुछ सामान्य सीट इस बार आरक्षित श्रेणी में आ गई हैं। ऐसी तमाम सीटें हैं, जो पिछले 2 चुनावो से आरक्षित वर्ग में आ रही थीं, लेकिन इस बार वह सामान्य हो गई हैं। कोई भी चुनाव लड़ सकेगा। ऐसे में सीटों पर नए सिरे से दावेदारी आएगी और ग्राम पंचायतों में राजनीति भी बदलेगी। जनसंख्या के अनुसार अनुसूचित जनजाति को पंचायत चुनाव में आरक्षण नहीं मिला है। जिले में इस जाति के लोग नहीं हैं। पिछले चुनावों में भी इस वर्ग के लिए एक भी सीट आरक्षित नहीं की गईं थीं। प्रधानों की 161 सीटों के आरक्षण पर पर गौर करें तो इस प्रकार से आरक्षण की सूची जारी की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति की महिला-11, पुरूष-20 समेत कुल-31 पद,पिछड़ा वर्ग-महिला-14, पुरुष-27 कुल-41 पद, अनारक्षित महिला-30,पुरूष-59 कुल-89 पद,भोजपुर की 47 ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति महिला-4,पुरूष-8 कुल-12 पद, पिछड़ा वर्ग-महिला-4, पुरूष-8 कुल-12 पद, अनारक्षित-महिला-8,पुरूष-15 कुल-23 पद हैं। लोनी ब्लॉक में 32 ग्राम पंचायत है। अनुसूचित जाति महिला-2,पुरूष-3 कुल-5 सीट,पिछड़ा वर्ग-महिला-3, पुरूष-5 कुल-8 सीट, अनारक्षित महिला-6,पुरूष-13 कुल 19 सीट हैं। मुरादनगर ब्लॉक की 48 ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति महिला-3, पुरूष-6 कुल-9 सीट,पिछड़ा वर्ग महिला-4,पुरूष-8 कुल 12 सीट,अनारक्षित महिला-9 पुरूष-18 कुल-27 सीट हैं,रजापुर ब्लॉक की 34 ग्राम पंचायत में अनुसूचित जाति महिला-3,पुरूष-3 कुल-5 सीट,पिछड़ा वर्ग महिला-3,पुरूष 6 कुल-9 सीट,अनारक्षित महिला-7 पुरूष-13 कुल-20 सीट शामिल हैं। ग्राम पंचायतों के साथ ही जिला पंचायत के 14 वार्डों के आरक्षण की सूची भी जारी कर दी गई है। पंचायत चुनाव में इस बार जिले में 5,56,083 मतदाता वोट डालेंगे। अंतिम प्रकाशन के बाद पिछले चुनाव के मुकाबले 63 हजार नए वोटर बढ़े हैं।