आत्म विश्वास के साथ हर क्षेत्र में परचम लहरा रही नारी शक्ति

-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर चिरैया फाउंडेशन ने 31 महिलाओं को किया सम्मन्नित

गाजियाबाद। नई सदी की नारी के पास कामयाबी के उच्चतम शिखर को छूने की अपार क्षमता है। समाज के दो पंख है एक स्त्री व दूसरा पुरुष यह दोनों पंख समान होंगे तभी समाज, देश व राष्ट्र का विकास होगा। नारी सशक्तिकरण नारी में अपरिमित शक्ति और क्षमताएं विद्यमान है। आज नारी अपने साहस के बल पर पूरे आत्म विश्वास के साथ हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहरा रही है। यह बातें सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य मे चिरैया फाउंडेशन द्वारा नवयुग मार्केट में आयोजित महिला सम्मान दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि शिक्षक महेश शर्मा ने कहीं। उन्होंने कहा दृढ इच्छा शक्ति एवं शिक्षा ने नारी मन को उच्च आकांक्षाएं सपनों के सप्तरंग एवं अंतर्मन की परतों को खोलने की नई राह दी है।

विशिष्ट अतिथि सब-इंस्पेक्टर सुनीता मलिक ने कहा यह सत्य है क्योंकि महिलाएं ही आदर्श समाज का निर्माण करती हैं और उसी समाज के निर्माण में महिला पुलिस की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते है। हर क्षेत्र में महिलाएं पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर काम कर रही हैं। संस्कारों की जन्मदात्री नारी शक्ति ही है। चिरैया फाउंडेशन द्वारा सामाजिक, शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली करीब 31 महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मन्नित किया गया और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। संस्थापक पूनम वर्मा ने कहा महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पहचान की मोहताज नहीं हैं और वे अपनी श्रेष्ठता, योग्यता और कर्मठता से किसी से कमतर नहीं हैं। एक समय था, जब महिलाओं के आगे बढऩे के लिए अवसर तथा विकल्प सीमित हुआ करते थे, लेकिन भारतीय संविधान के मौलिक अधिकार के तहत समानता का अधिकार प्राप्त हुआ है, जिसके तहत बिना लिंग, धर्म, जाति एवं पंथ में भेद के सबको अपनी काबिलियत से आगे बढऩे का मौका मिला। उन्होंने कहा महिला अगर चाहे तो हर क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती हैं, बशर्ते वे अपनी शक्तियों का सकारात्मक एवं सृजनात्मक उपयोग करे।

पूनम वर्मा ने बताया चिरैया फाउंडेशन महिलाओं और बच्चों के लिए कार्य करता है। विशेष रुप से निशुल्क लाइब्रेरी चलाई जाती है। जिससे सभी वर्ग के बच्चे शिक्षा से वंचित ना रहें। महिलाओं के लिए सिलाई, मेकअप आदि जैसे कामों को सिखा कर सशक्त बनाने का किया जा रहा है। जिससे घरों में रहकर अपनी लघु उद्योग खोल कर अपने जीवन यापन कर सकें। इस दौरान आम आदमी पार्टी प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव, सीमा सेठी प्रधानाचार्य महर्षि दयानंद विद्यापीठ, श्वेता दयाल एचएम, समाजसेवी सीमा कुशवाहा, अंजू शर्मा, अनीता शर्मा, संजुक्ता रथ, शांति सिंह, सीमा सैनी बिजनेस वूमेन, सीमा शर्मा, रश्मि गर्ग, लवली मगन बिजनेस वूमेन, नीतू, शशि श्रीवास्तव योगाचार्य, चंदा, पूजा गलहोत्रा, सुधा सिंह, संयुक्ता रावत आदि महिलाएं मौजूद रही। फाउंडेशन की जिलाध्यक्ष दीपिका कुमारी और जिला उपाध्यक्ष प्रियंका प्रजापति ने कार्यक्रम में अपना योगदान दिया।