तीर्थनगरी केदारनाथ-बद्रीनाथ में रफ्तार पकड़ेगा विकास

-प्रधानमंत्री मोदी ने समीक्षा बैठक में पूछे सवाल
उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। केदारनाथ और बद्रीनाथ का विकास रफ्तार पकड़ेगा। प्रस्तावित कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अध्यक्षता में बुधवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अलावा राज्य के पर्यटन और धर्मार्थ मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव ओमप्रकाश, पर्यटन सचिव और केंद्रीय कैबिनेट सचिव भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) पहुंचे थे। बैठक में सर्वप्रथम तीर्थनगरी केदारनाथ धाम के विकास पर चर्चा हुई। प्रस्तावित कार्य कब तक पूर्ण हो जाएंगे, इस बारे में पूछा गया। बैठक के बाद उत्तराखंड के मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने समीक्षा बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कार्य कब तक पूरा होगा, इसकी जानकारी ली है। मंदाकिनी नदी पर पुल के निर्माण से लेकर कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। इसके अलावा सरस्वती नदी पर घाटों का निर्माण, आस्था पथ और उस पर लाइटिंग का कार्य 15 अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार पुरोहितों के लिए निर्माणाधीन 5 आवास भी 15 अक्तूबर तक कंपलीट कर लिए जाएंगे। मंदाकिनी नदी पर निर्माणाधीन पुल का काम अगले सालह 21 मार्च तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। ध्यान गुफाओं का कार्य 15 अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। शंकराचार्य के नाम पर बन रहे विशेष स्थान और उनकी मूर्ति का प्रोटोटाइप अगले वर्ष अप्रैल तक बना लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त केदारनाथ में सीएसआर फंड से 117 करोड़ के अन्य प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है। सभी प्रस्तावित कार्यों को तय अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।