चुनाव खत्म, महंगाई शुरू : विपक्ष ने केंद्र सरकार पर ऐसे कसा तंज

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोत्तरी

नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में मंगलवार को एकाएक वृद्धि कर दी गई। महंगाई की मार से पहले से त्रस्त जनता की परेशानी और ज्यादा बढ़ गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम पिछले 137 दिन से स्थिर थे। हालांकि पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में बढ़ोत्तरी की आशंका पहले से जाहिर की जा रही थी। चर्चा थी कि देश के 5 राज्यों में विधान सभा चुनाव संपन्न होने के बाद महंगाई अपना रूप दिखाएगी। यह आशंका आखिरकार सच साबित हुई है। उधर, विपक्ष ने केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की है।

कांग्रेस और सपा ने सरकार पर किया वार
कांग्रेस और सपा ने सरकार पर वार किया है। पेट्रोल-डीजल के दाम 80 पैसे प्रति लीटर बढ़े हैं। जबकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में एकदम से 50 रुपए की वृद्धि हुई है। दिल्ली में 14.2 किलो का बगैर सब्सिडी का सिलेंडर अब 949.50 रुपए में मिलेगा। वहीं, पेट्रोल की कीमत 96.21 रुपए प्रति लीटर तथा डीजल 87.47 प्रति लीटर हो गई है। दिल्ली में 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर 349 रुपए, 10 किलो का 669 रुपए और 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2003.50 रुपए में उपलब्ध हो सकेगा।

कच्चे तेल के दामों में वृद्धि
केंद्र सरकार ने पिछले साल 3 नवंबर को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम की थी। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर घटाई गई थी। तदुपरांत कई राज्यों ने वैट में भी कमी की थी। इससे आम आदमी को थोड़ी राहत मिली थी। उधर, रूस और यूक्रेन के मध्य जंग जारी है। नतीजन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में वृद्धि हो रही है।

सपा का भाजपा पर निशाना
सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गैस सिलेंडर के दाम में वृद्धि को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने विधान सभा चुनाव खत्म होने के बाद महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जनता को दिया भाजपा सरकार ने महंगाई का एक और उपहार। लखनऊ में रसोई गैस सिलेंडर हजार के पास और पटना में हजार के पार। इसी ट्वीट में अखिलेश ने लिखा, चुनाव खत्म, महंगाई शुरू।

राहुल गांधी ने भी निकाली भड़ास
वायनाड सांसद राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों पर लगा लॉकडाउन हट गया है। अब सरकार निरंतर कीमतों का विकास करेगी। महंगाई की महामारी के बारे में प्रधानमंत्री जी से पूछिए, तो वो कहेंगे, थाली बजाओ।