पंजाबी एकता समिति गाजियाबाद ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा

-संजीव कपूर बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, अशोक अजमानी महामंत्री
-नरेश कपूर कोषाध्यक्ष और शिवनंदन कपूर राष्ट्रीय समन्वयक नियुक्त
-संगठन का उद्देश्य समाज को जोड़ना और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पंजाबी समाज को संगठित कर सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों को और अधिक मजबूती देने के उद्देश्य से पंजाबी एकता समिति गाजियाबाद द्वारा बुधवार को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। कविनगर स्थित तुषार होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान सर्वसम्मति से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रमन मिगलानी एवं कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से संजीव कपूर को राष्ट्रीय अध्यक्ष, अशोक अजमानी को राष्ट्रीय महामंत्री, नरेश कपूर को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष तथा शिवनंदन कपूर को राष्ट्रीय समन्वयक मनोनीत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के गणमान्य लोग और संगठन से जुड़े वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव कपूर ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाबी एकता समिति का उद्देश्य केवल एक संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को जोड़ने, उसकी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन की नई कोर कमेटी की घोषणा की जाएगी, जिसमें युवाओं और महिलाओं को विशेष प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में ठोस और जमीनी स्तर पर कार्य किए जाएंगे। राष्ट्रीय महामंत्री अशोक अजमानी ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाबी समाज ने देश के विकास में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। अब समय है कि समाज की एकता और शक्ति को संगठित रूप में सामने लाया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन को पारदर्शी, सक्रिय और जनसेवाभावी बनाया जाएगा। प्रत्येक जिले और नगर स्तर पर इकाइयों का गठन कर समाज से जुड़े लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश कपूर ने कहा कि संगठन की आर्थिक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सुदृढ़ बनाया जाएगा, ताकि सेवा कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों के लिए सहायता योजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय समन्वयक शिवनंदन कपूर ने कहा कि संगठन का विस्तार केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर सदस्य को सक्रिय भूमिका दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विभिन्न राज्यों में पंजाबी एकता समिति की इकाइयों को आपस में जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इससे सामाजिक, सांस्कृतिक और आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ समाजसेवियों और संस्थापक सदस्यों ने भी अपने विचार रखे।

संस्थापक राकेश बाटला, रमेश सहगल, सुरेश बत्रा ने संयुक्त रुप से कहा कि जिस उद्देश्य से पंजाबी एकता समिति की स्थापना की गई थी, नई टीम उसी भावना के साथ संगठन को आगे बढ़ाएगी, यह विश्वास उन्हें नई कार्यकारिणी से है। अन्य वक्ताओं ने भी संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रेसवार्ता में रमन मिगलानी, राकेश बदला, रमेश सहगल, राजीव खन्ना, अश्वनी तनेजा, किशन लाल बहल, नवीन धवन, संजय सबिखी, यश जुनेजा, अमित वसुदेवा, इंद्रमोहन कुमार, केएल बहल, पवन गंभीर, तरुण चिटकारा, संजय बाटला, संदीप मिगलानी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नई राष्ट्रीय टीम को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि पंजाबी एकता समिति गाजियाबाद आने वाले समय में समाज की आवाज को और बुलंद करेगी। कार्यक्रम का समापन संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें समाजहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया गया।