यमुना प्राधिकरण में 4 अफसरों की तैनाती, भूमि खरीद प्रक्रिया में आएगी तेजी

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण से संंबंधित कार्य अब रफ्तार पकड़ सकेंगे। इसके अलावा किसानों से जुड़े मामलों को निपटाने में भी गति आ सकेगी। इसके मद्देनजर उत्तर प्रदेश शासन ने यमुना प्राधिकरण में 2 तहसीलदार और 2 नायब तहसीलदार की तैनाती की है। भूमि खरीद की प्रक्रिया को बढ़ावा देने और किसानों से जुड़े मसलों को निपटाने में तहसीलदार और नायब तहसीलदार अहम भूमिका निभाएंगे। इससे प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन में मदद मिल सकेगी।

यूपी सरकार ने युमना प्राधिकरण में 2 तहसीलदार और 2 नायब तहसीलदार की तैनाती की है। दरअसल यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम होना है। इसके लिए राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों की कमी को पूरा करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में सरकार ने 2 तहसीलदार व 2 नायब तहसीलदार को भेज दिया है। जानकारी के अनुसार आगरा से तहसीलदार रेणुका दीक्षित व शामली के तहसीलदार अजय कुमार शर्मा की यमुना प्राधिकरण में तैनाती की गई है।

इसके अलावा बुलंदशहर से नायब तहसीलदार पंकज बस्तरिया और मथुरा से संजय कुमार सिंह को भेजा गया है। उधर, यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि उप्र सरकार ने भू-अधिग्रहण से जुड़े कार्यों को तेजी से करने के लिए नई तैनाती की है। इससे किसानों से संबंधित मामले निपटाने में भी आसानी होगी।