नोएडा का सीरियल किलर पानी में डुबो-डुबो कर लेता था जान, अब तक 17 मर्डर कर चुका

होश उड़ा देगी हरियाणा के नवीन मलिक की खौफनाक दास्तां

नोएडा। यूपी एसटीएफ की गिरफ्त में आए खतरनाक अपराधी नवीन मलिक के कारनामे आपके होश उड़ा देंगे। जघन्य अपराध करने का नवीन का अंदाज राक्षसी प्रवृत्ति से कम नहीं है। रेकी करने के बाद वह मौका पाकर शिकार को दबोच कर पानी में डुबो-डुबो कर मारता रहा है। अब तक वह एक-दो नहीं बल्कि 17 व्यक्तियों की जान इस अलग अंदाज में ले चुका है। हैवानियत की इंतहा करने के बावजूद इस आरोपी के चेहरे पर पश्चाताप के भाव देखने को नहीं मिले। पुलिस पूछताछ में वह अपनी क्रिमनल हिस्ट्री का सिलसिलेवार ढंग से बखान करता रहा। फिलहाल वह जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया है। यदि अभी भी वह एसटीएफ के हत्थे नहीं चढ़ता तो भगवान जाने कौन, उसका अगला शिकार बनता ? इस हत्यारे ने अफसरों तक को नहीं बख्शा है।

ग्रेटर नोएडा में मिला था रोहतक के रोहित का शव
पुलिस के मुताबिक रोहतक (हरियाणा) के भलौट निवासी राजभवन ने जनपद गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क थाने में विगत 27 जुलाई को शिकायत की थी। राजभवन का बेटा रोहित (21) गत 24 जुलाई की सुबह 10 बजे आसन गांव (रोहतक) से निकला था। रोहित को सौरभ उर्फ सिक्कू से मुलाकात करनी थी। बाद में दोपहर 3 बजे परिजनों ने रोहित के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, मगर मोबाइल स्विच ऑफ मिला। घबराए परिजनों ने बेटे की तलाश आरंभ कर दी। अगले दिन सौरभ ने रोहित के परिवार को कुछ जानकारी दी। सौरभ ने अवगत कराया कि रोहित को उसने रोहतक के सांपला कस्बा से दिल्ली जाने वाली बस में दोपहर 12 बजे बैठा दिया था। तदुपरांत दोपहर साढ़े 12 बजे कॉल कर रोहित ने सौरभ को बताया था कि वह पीरागढ़ी (दिल्ली) के लिए रवाना हो गया है। इस बीच 27 जुलाई को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क के नाले में रोहित का शव मिला था। पुलिस ने इसकी सूचना पीड़ित परिवार को दी थी। पीड़ित पक्ष ने इस प्रकरण में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। तदुपरांत पुलिस ने 7 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की।

पुलिस ने जाल बिछाकर दबोचा शिकार
पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस जांच में नवीन मलिक की भूमिका सामने आई। बाद में नवीन के विषय में छानबीन करने पर पुलिस के होश उड़ गए। नवीन के विषय में पुलिस को ऐसे तथ्य हाथ लगे, जो पहले कभी सामने नहीं आए थे। आरोपी खुंखार सीरियल किलर निकला। ठोस साक्ष्य के साथ आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को प्रभावी रणनीति पर काम करना पड़ा। पुलिस को कामयाबी भी मिल गई। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद नवीन मलिक ने जो राज उगले वह रौंगटे खड़े कर देने वाले थे। दरअसल आरोपी ने अब तक 17 व्यक्तियों की जान ले ली थी। सभी की हत्या पानी में डुबो-डुबो कर की गई थी।

3 अफसरों को अगवा कर मांगी थी रंगदारी
पुलिस पूछताछ में हत्यारे नवीन मालिक ने बताया कि अपने भाई संदीप व दोस्तों के साथ मिलकर उसने 2007 में गांव के राज सिह की हत्या कर दी थी। आपसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया था। इसके बाद 2015 में नवीन के भाई तथा दोस्त ने गोहाना में सिटी केबल संचालक भगत सिह से रंगदारी की डिमांड की थी। 2015 में नवीन ने भी साथियों के साथ मिलकर नाहरा गांव के मास्टर का अपहरण कर 20 लाख की फिरौती मांगी थी। मास्टर पेशे से शराब ठेकेदार था। इसी कड़ी में नवीन ने वर्ष-2019 में अपने दोस्त प्रवीण की हत्या में संलिप्त आरोपी रवि, सोनू और अक्षय को पानी में डुबोकर मार डाला था। बाद में तीनों की लाश को खतौली नहर में फेंक दिया था। वर्ष 2020 में एलटीटी रिफाइनरी पानीपत के 3 अफसरों का अपहरण कर रंगदारी मांगी थी। इस संबंध में पानीपत के मतलौंडा में एफआईआर दर्ज है। नवीन मलिक ने 2020 में हथियारों पर उभरे विवाद में पवन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसी साल इस आरोपी ने दोस्तों के साथ मिलकर ग्रेटर नॉएडा के दादरी में संदीप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 2021 में नवीन ने लड़की के जरिए रोहित को दिल्ली के एक फ्लैट में बुलाया था। जहां पानी की बाल्टी में डुबोकर मार दिया था।