यीडा सिटी में चौंकाने लगे प्रॉपर्टी के दाम, नीलामी में दिखा असर

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की वजह से यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रॉपर्टी की कीमतों में उछाल आ रहा है। अभी ज्यादा बसावट न होने के बावजूद प्रॉपर्टी महंगी हो रही है। खासकर व्यवसायिक संपत्ति के रेट में उछाल देखने को मिल रहा है। यमुना प्राधिकरण ने बुधवार को क्योस्क की नीलामी की।

15 गुना ज्यादा में क्योस्क की बिक्री
इसमें आधार मूल्य से 15 गुना ज्यादा में क्योस्क की बिक्री हुई। योजना में 9.59 वर्ग मीटर का क्योस्क 14833000 रुपये में बिका। जबकि 7.15 वर्ग मीटर का क्योस्क 11256000 रुपये में नीलाम हुआ। सबसे कम कीमत 7.7 लाख में क्योस्क की नीलामी हुई। इससे प्राधिकरण को 9 करोड़ की आय होगी। प्राधिकरण को भी संपत्ति के रेट में इस कदर उछाल आने की उम्मीद नहीं थी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जेवर हवाई अड्डे का निर्माण कार्य चल रहा है। एयरपोर्ट के चलते इस इलाके में जमीनों के दाम आसमान छू रहे हैं।

30 क्योस्क की योजना
इसकी बानगी क्योस्क की नीलामी में देखने को मिली। प्राधिकरण ने 30 क्योस्क की योजना निकाली थी। इसमें 26 क्योस्क के लिए आवेदन आए। इनकी नीलामी बुधवार को कराई गई। ऑनलाइन नीलामी में आवासीय सेक्टर-18 में 9.59 वर्ग मीटर के क्योस्क को रविंद्र सिंह ने 14833000 रुपये में खरीद लिया। यह आधार मूल्य का करीब 15 गुना है। यह जमीन करीब 15 लाख रुपये वर्ग मीटर में खरीदी गई। इस सेक्टर जेवर एयरपोर्ट करीब 6 किलोमीटर है। सेक्टर-17 ए में 7.15 वर्ग मीटर का क्योस्क 11256000 रुपए में नीलाम हुआ।

सबसे सस्ता क्योस्क साढ़े 7 लाख में बिका
यह क्योस्क अमित कुमार गुप्ता ने लिया। यह क्योस्क गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने है। ऑनलाइन नीलामी में सेक्टर-17ए में 9.04 वर्ग मीटर का क्योस्क 9040000 रुपये में नीलाम हुआ। यह संस्थागत का सेक्टर है। आवासीय सेक्टर-18 में 12.68 वर्ग मीटर का क्योस्क 3794000 रुपए में नीलाम हुआ। सेक्टर 17ए में 9.04 वर्ग मीटर का क्योस्क 3100000 रुपये में बिका। इस योजना में सबसे कम कीमत का क्योस्क 7.50 लाख रुपए में बिका है। इस नीलामी से प्राधिकरण को 9 करोड़ की आमदनी होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जमीन के दाम काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। यमुना प्राधिकरण के इतिहास में सबसे अधिक कीमत में यह क्योस्क बिके हैं।

जेवर एयरपोर्ट का असर
जेवर एयरपोर्ट के साथ यहां पर बड़े बड़े उद्योग आ रहे हैं। दो बड़ी कंपनियां शुरू होने वाली हैं। यहां पर फिल्म सिटी, औद्योगिक क्लस्टर, उत्तर भारत का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क समेत तमाम बड़ी परियोजनाएं हैं। यही कारण है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जमीन के दाम बहुत तेजी से बढ़े हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में भी व्यवसायिक संपत्तियों के दाम बढ़े हैं। यहां व्यवसायिक भूखंड लेने के लिए मारामारी रहती है। करीब 4 महीने पहले यहां एक करोड़ रुपए की कीमत का भूखंड 11 करोड़ रुपये में बिका था। इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि व्यवसायिक संपत्तियां कितनी महंगी होती जा रही हैं।