स्वदेश लौटने पर सुहास एल वाई का जोरदार स्वागत

-दिल्ली और नोएडा में उमड़ी समर्थकों की भीड़

नई दिल्ली/नोएडा। बैडमिंटन खिलाड़ी एवं आईएएस अधिकारी सुहास एल वाई सोमवार की देर शाम स्वदेश लौट आए। टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर भारत लौटाने पर सुहास का जबरदस्त स्वागत किया गया। भव्य स्वागत से वह भाव-विह्ल हो गए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने देश के युवाओं को सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भरसक प्रयास करना चाहिए। मेहनत कभी बेकार नहीं जाती है। टोक्यो ओलंपिक में बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुहास एल वाई ने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता है। पदक जीतकर उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। सोमवार को वह स्वदेश लौट आए। इस दौरान जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। सुहास एल वाई जनपद गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी भी हैं। भारत लौटने के बाद सुहास एल वाई ने कहा कि प्रत्येक युवा को लक्ष्य पाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कभी इसमे हार मिलेगी तो कभी जीत मिलेगी। सुहास एल वाई ने कहा कि, मैंने मेहनत की थी और भगवान की कृपा से मेडल मिला।
प्रतिद्वंदी को दी कड़ी टक्कर
टोक्यो पैरालंपिक गेम्स में उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एल यतिराज ने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने भारत के लिए इन पैरालंपिक गेम्स में इतिहास रच दिया है। वर्ल्ड नंबर थ्री सुहास बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स एसएल-4 इवेंट के गोल्ड मेडल मैच में कड़े संघर्ष के बावजूद फ्रांस के एल माजुर से 21-15, 17-21, 15-21 से हार गए, मगर उन्होंने भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्का कर दिया था।
डीएनडी पर समर्थकों में दिखा जोश
स्वदेश लौटने पर जिलाधिकारी सुहास एल यतिराज का नोएडा की सीमा पर सोमवार की शाम भव्य स्वागत किया गया। डीएनडी पर बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। नोएडा में सुहास एल वाई के प्रवेश करने पर समर्थकों ने फूल-माला, डोल-नगाड़े से उनका भव्य स्वागत किया। हालांकि इस दौरान डीएनडी पर जाम लग गया। पीक आॅवर होने की वजह से कई किलोमीटर तक वाहन रेंगते रहे। सुहास एल वाई के समर्थकों का जोश देखने लायक था।