यमुना प्राधिकरण ने कारोबारियों को दिया दीपावली गिफ्ट

-उद्यमियों के लिए मिश्रित भू उपयोग की योजना लांच

ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक बड़े स्तर पर कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे कारोबारियों के लिए मिश्रित भू उपयोग की योजना लांच की है। यमुना प्राधिकरण ने ऐसे कारोबारियों के लिए मिक्स लैंड यूज स्कीम लांच की है, जिसमें दस-दस एकड़ एरिया के 8 प्लॉट शामिल किए गए हैं। इसमें 75 प्रतिशत में उद्योग लगाना होगा। 25 प्रतिशत में अन्य गतिविधियां की जा सकेंगी। यह आवंटन नीलामी के जरिये किया जाएगा। इस स्कीम में एक ही छत के तले कारोबारी अपना संपूर्ण कारोबार कर सकते हैं। यह स्कीम एसडीजेड की तरह काम करेगी। स्कीम का एफएआर वन होगा। ग्राउड कवरेज 55 प्रर्सेंट रखा गया है। इस स्कीम में प्रॉपराईटर फर्म, प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अलावा एक कंपनी को एक ही प्लॉट अलॉट किया जा सकेगा।

यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर-24 में मिश्रित भू उपयोग की औद्योगिक भूखंड की योजना निकाली है। जिसकी सूचना बुधवार को जारी की जाएगी। इस योजना में दस-दस एकड़ के भूखंड हैं। पहले चरण में 8 भूखंडों की योजना निकाली गई है। यीडा में पहली बार उद्योगों के लिए मिश्रित भू उपयोग को शामिल किया गया है। इसमें आवंटन नीलामी के जरिये किया जाएगा। उद्योगों के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए छूट मिलने से आवंटन दर अधिक है। इस योजना में औद्योगिक इकाइयों के अलावा अन्य उपयोग भी मान्य होंगे। इसमें फ्लैटेड फैक्ट्री, दुकान, आवास, संस्थागत, टेलीफोन एक्सचेंज, फायर स्टेशन, ट्रेनिंग स्कूल, कौशल विकास केंद्र, हास्टल, गेस्ट हाउस, बैंक्वेट हॉल, धर्मकांटा, वेंडिंग जोन, मिल्क बूथ, स्वास्थ्य केंद्र आदि शामिल हैं।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरूण वीर सिंह ने बताया कि मिक्स लैंड यूज स्कीम के प्लॉट की बोली 13,260 रूपए प्रति वर्ग मीटर से शुरू होगी। यमुना सिटी के सेक्टर-24 में बनने वाले एसडीजेड में कर्मशल और ग्रुप हाउसिंग स्पेश भी होगा। यमुना सिटी में इस तरह की स्कीम से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और बडी-बडी इंडस्टी लगेंगी।

योजना में भू उपयोग
श्रेणी              प्रतिशत
उद्योग              75
ग्रुप हाउसिंग        12
व्यावसायिक        8
संस्थागत           5