विद्युत विभाग को घाटे से उबारने का होगा प्रयास: राम नारायण

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लि. के निजीकरण के प्रस्ताव के खिलाफ जारी आंदोलन समाप्त होने के बाद विद्युत अधिकारी और कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। विभाग में काम-काज सुचारू हो गया है। विभिन्न संगठनों ने विद्युत विभाग की बेहतरी के लिए हरसंभव प्रयास करने की घोषणा की है। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के केंद्रीय अध्यक्ष डीके मिश्र और जिलाध्यक्ष राम नारायण उपाध्याय के मुताबिक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लि. के निजीकरण के प्रस्ताव के खिलाफ 36 दिन तक आंदोलन चला।

इसमें विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के घटक दल राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष पी.के. मिश्र, केंद्रीय उपाध्यक्ष दीपक चक्रवर्ती व केंद्रीय महासचिव परशुराम के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया गया। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की बेहतरीन के लिए हरसंभव सुधार लाने की दिशा में संघ के प्रत्येक सदस्य दृढ़ संकल्पित हैं। इस आंदोलन में गाजियाबाद इकाई की तरफ से कार्यवाहक अध्यक्ष अरुण नागर, जिला सचिव कृष्ण सोलंकी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पतंजलि, उप-सचिव अनिल पाल, ललित कुमार, कोषाध्यक्ष बंशीधर दुबे, रविंद्र कुमार आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीके मिश्र और राम नारायण उपाध्याय का कहना है कि विद्युत विभाग की राजव वसूली बढ़ाने को ठोस प्रयास किए जाएंगे।