मंत्री जी का कमाल आईडिया, वाह-वाह क्या बात है!

नारियल के पेड़ पर चढ़कर बताई नारियल की समस्या

कोलंबो। श्रीलंका में नागरिकों को अपनी बात संजीदगी से समझाने के लिए नेता जी ने कमाल का आईडिया अपनाया। देश में नारियल की कमी को दूर करने हेतु सरकार की तरफ से जारी प्रयासों की जानकारी देने को वह खुद नारियल के पेड़ पर चढ़ गए। बात में पेड़ से नीचे उतरने में नेताजी की हालत खराब हो गई। गनीमत रही कि वह सुरक्षित तरीके से नीचे उतर आए। यह मामला श्रीलंका में इन दिनों काफी चर्चाओं में है। श्रीलंका में आजकल नारियल की काफी कमी हो गई है। उद्योगों और घरेलू खपत की बढ़ती डिमांड के कारण लगभग 70 करोड़ नारियल की जरूरत है। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार द्वारा जारी कोशिशों को बताने के मकसद से राज्य मंत्री अरुंडिका फर्नांडो पब्लिक के बीच पहुंचे थे। नागरिकों से मुखातिब होने के दरम्यान वह अचानक नारियल के पेड़ पर चढ़ गए। यह देखकर नागरिक चकरा गए। थोड़ी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मंत्री जी ने अपनी बात को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्योगों और घरेलू खपत की बढ़ती डिमांड की वजह से श्रीलंका में नारियल की कमी हो रही है। नारियल की खेती को बढ़ावा देकर इस समस्या से निपटा जाएगा। इसके लिए सभी खाली भूखंडों का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि नारियल की खेती पर ध्यान देने से औद्योगिक विकास को बल मिलेगा। इससे विदेशी व्यापार में भी वृद्धि होगी। सरकार आमजन की समस्या से अवगत है। हम नारियल के दामों को कम करने पर भी विचार कर रहे हैं। दरअसल मंत्री जी चाहते थे कि नागरिक उनकी बातों को गंभीरता से लें। इसके लिए उन्होंने नारियल के पेड़ पर चढऩे का आईडिया अपनाने से गुरेज नहीं किया। बाद में पेड़ से नीचे उतरने में मंत्री जी की हालत खराब हो गई। समर्थकों की सहायता से वह जैसे-तैसे सकुशल नीचे उतर पाए।