फिल्म सिटी : सीएम संग बॉलीवुड हस्तियों की चर्चा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुझावों का आदान-प्रदान

उदय भूमि ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सिनेमा जगत की नामचीन हस्तियों के साथ चर्चा की। इस दरम्यान कलाकारों से जरूरी सुझाव लिए गए। कलाकारों ने योगी सरकार की पहल की जमकर सराहना की। उधर, फिल्म सिटी के लिए गौतमबुद्ध नगर में एक हजार एकड़ भूमि का फाइनल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद सिनेमा जगत से निरंतर प्रतिक्रिया आ रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो क्रॉन्फे्रंसिंग के माध्यम से सिनेमा जगत की नामचीन हस्तियों से फिल्म सिटी पर चर्चा की। अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि आज का मौका उत्सव का है। यूपी की फिल्म सिटी ताजमहल की भांति दुनियाभर को आकर्षित करने वाली हो। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के चेयरमैन और प्रख्यात कलाकार परेश रावल ने कहा कि बहुत स्वागतयोग्य कदम है। यह रीजनल सिनेमा को भी पुनर्जीवन देने वाला आयाम सिद्ध होगा। गायक अनूप जलोटा ने सुझाव दिया कि पूरी दुनिया की फि़ल्म सिटीज का अध्ययन किया जाना चाहिए। उनकी खूबियों व कमियों को समझना चाहिए। जरूरतों के लिहाज से सुविधाएं दी जाएं। यह दुनिया के लिए महत्वपूर्ण प्रयास है। गायक कैलाश खेर ने कहा कि उत्तर प्रदेश देवताओं की पुण्य भूमि है। दुनिया को राह दिखाने वाली है। फिल्म सिटी बनने से कला साधकों को सम्मान मिले, ऐसा जरूर होगा, यह मेरा विश्वास है। निर्माता-निर्देशक सतीश कौशिक ने कहा कि यूपी शूटिंग फ्रेंडली जगह रही है। आज प्रस्तुत प्रजेंटेशन हमें एक बेहतर भविष्य की छवि दिखा गया। उप्र की संस्कृति ने भारतीय फिल्मों को शुरू से प्रभावित किया है। अब यूपी फि़ल्म सिटी समूची दुनिया को प्रभावित करेगी। तमिल सुपरस्टार रजनीकांत की बेटी और फि़ल्म निर्माता सौंदर्या ने कहा कि भारत में अब भी एनिमेशन इंडस्ट्री नहीं है। आज की फिल्मों में इसका बड़ा असर है। यदि इस दिशा में कोशिश हो, तो बड़ी सुविधा होगी।