एक माह में दूसरी बार बिगड़ी मुलायम सिंह की तबियत

-लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती

उदय भूमि ब्यूरो

लखनऊ। लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूर सपा संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य एकाएक बिगड़ गया है। उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि मुलायम सिंह की हालत फिलहाल ठीक है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह को लगभग एक माह पहले पहले भी मेदांता में एडमिट कराया गया था। उस समय उन्हें पेट से संबंधित कुछ समस्या थी। मेदांता अस्पताल के निदेशक राकेश कपूर ने बताया कि मुलायम सिंह को वीरवार की रात अस्पताल में भर्ती किया गया है। पेट से संबंधित मामले में उनका इलाज चल रहा है। मुलायम को यूरिनल इंफेक्शन की भी शिकायत है। उनका कोरोना टेस्ट कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। हाल ही में मुलायम सिंह ने अपना जन्मदिन मनाया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने 81 किलो का लड्डू केक काटा था। इस मौके पर सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंच पर मौजूद थे। बता दें कि स्वास्थ्य बेहतर न होने की वजह से मुलायम सिंह काफी समय से सक्रिय राजनीति से दूर चल रहे हैं। यदा-कदा वह किसी कार्यक्रम में शिरकत करते दिखाई देते हैं।