कमल की आइटम स्पीच पर संग्राम, भाजपा लाल

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ मौन उपवास

भोपाल। मध्य प्रदेश में आसन्न विधान सभा उप-चुनाव की सरगर्मी के बीच भाजपा और कांग्रेस में संग्राम छिड़ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा भाजपा की महिला प्रत्याशी इमरती देवी के प्रति अभद्र टिप्पणी करने पर सियासत गरमा गई है। इससे नाराज भाजपा ने सोमवार को सूबे में 2 घंटे का मौन व्रत धारण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौन व्रत में शामिल हुए। उधर, महिला प्रत्याशी इमरती देवी ने भी पूर्व सीएम कमलनाथ पर पलटवार किया है। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की घोषणा की है। मध्य प्रदेश में विधान सभा की 28 सीटों पर 3 नवम्बर को उप-चुनाव होना है। भाजपा और कांग्रेस के लिए यह सीटें बेहद महत्व रखती हैं। ऐसे में दोनों दल ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने को हर दांव आजमा रहे हैं। चुनावी सीजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा की महिला प्रत्याशी के प्रति अर्मादित टिप्पणी कर भाजपा को हमलावर होने का मौका दे दिया है। दरअसल डबरा में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इमरती देवी को आइटम बता दिया था। इस शब्द पर भाजपा लाल हो गई है। कमलनाथ के इस बयान के विरोध में भाजपा ने सोमवार को 2 घंटे का मौन व्रत रखने का कार्यक्रम किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे। धरने पर बैठने से पहले शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश में मां, बहन और बेटियों का सम्मान रखा जाएगा। उधर, भाजपा की महिला प्रत्याशी इमरती देवी ने कहा कि वह कांग्रेस नेता कमलनाथ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी। दलित की बेटी होने के कारण उन पर निशाना साधा गया है। कमलनाथ को महिलाओं का सम्मान करना नहीं आता।