गाजियाबाद के डूंडाहेड़ा में इंदौर की तर्ज पर लगेगा बॉयो सीएनजी प्लांट

गाजियाबाद को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने के साथ नगर निगम को स्वाबलंबनी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नगर निगम की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आमदनी बढ़ाने पर तेजी से काम चल रहा है। नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए नये प्रॉपर्टी चिन्हित कर उनसे टैक्स वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। ढ़ाई लाख नई संपत्तियों को टैक्स के दायरे में लाया गया है। संपत्ति टैक्स की बात करें तो निगम सीमा में अब साढ़े 6 लाख संपत्तियों से टैक्स की वसूली होगी। टैक्स वसूली से नगर निगम को होने वाली आमदनी को 100 करोड़ बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

उदय भूमि ब्यूरो
गजियाबाद। गैर जरूरी श्रेणी के कार्यों पर रोक लगाकर और टैक्स वसूली बढ़ाने को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ द्वारा किये गये कामों का असर दिखने लगा है। धीरे-धीरे नगर निगम की अर्थव्यवस्था पटरी पर चढ़ने लगी है। नगर आयुक्त का दावा का है कि एक वर्ष के भीतर निगम के आमदनी और खर्च के बीच के भारी अंतर को पाट दिया जाएगा और निगम के कर्जें को भी खत्म कर दिया जाएगा। इसको लेकर बनाई गई योजना पर काम भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि विकास कार्यों को किसी तरह से प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। विकास कार्य जारी हैं, जिन कामों के वर्क आर्डर हो चुके हैं उन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा और जिन कामों के टेंडर हो चुके हैं उनके वर्क आर्डर भी जल्द जारी कर दिया जाएगा। नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए नये प्रॉपर्टी चिन्हित कर उनसे टैक्स वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। ढ़ाई लाख नई संपत्तियों को टैक्स के दायरे में लाया गया है। संपत्ति टैक्स की बात करें तो निगम सीमा में अब साढ़े 6 लाख संपत्तियों से टैक्स की वसूली होगी। टैक्स वसूली से नगर निगम को होने वाली आमदनी को 100 करोड़ बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। गाजियाबाद को स्वच्छ सुंदर और कूड़ामुक्त शहर बनाने की योजना पर चर्चा करते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि मध्यप्रदेश के इंदौर शहर की तर्ज पर शहर में कूड़े का निस्तारण बेहतर तरीके से करने एवं कूड़े से सीएनजी बनाने के लिए डूंडाहेड़ा में नगर निगम की जमीन पर बॉयो सीएनजी वेस्ट प्लांट लगाया जाएगा। यह प्लांट मार्च 2023 में चालू हो जाएगा। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस पर नगर निगम का कोई खर्च नहीं आएगा।
नगर निगम के लगभग 300 मैट्रिक टन कूड़े का बेहतर ढंग से निस्तारण होगा। इतना ही नहीं प्लांट संचालक द्वारा नगर निगम को 1 से 5 रुपया सस्ती सीएनजी देने के साथ ही सालाना लाखों रुपये का भुगतान भी करेगा। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि नगर निगम की सेवाएं लोगों को ऑनलाइन मिले इसके लिए जीएनएन ऐप जल्द लॉंन्च हो जाएगा। ऐप के जरिए 35 से 36 सेवाएं दी जाएंगी। नगर निगम के समस्त काम आॅनलाइन होंगे और लोगों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के साथ अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा भी मौजूद रहे।


30 करोड़ के विकास कार्यों को दी स्वीकृति
नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने स्पष्ट किया कि शहर में पुराने एवं नए विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। 30 करोड़ रुपए के करीब 70 विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई हैं। इसमें नाली, खड़ंजा, इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने एवं सड़कों के निर्माण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन कार्यों की चुनाव आचार संहिता लगने से पहले ठेकेदारों को वर्कऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। पिछले दो साल में कितने कार्य किस वार्ड में हुए है, इसकी कमेटी से रिपोर्ट मांगी गई है। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वार्डों में जो अधूरे काम हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इसके अलावा भी यदि कोई जरूरी कार्य हैं तो उसे पूरा किया जाये। नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद शहर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में टॉप पर लाने के लिए काम शुरू हो गया है।
15 नवंबर को होगी टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक
खोखा आवंटन में हुए भ्रष्टाचार के खेल पर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि आगामी 15 नवंबर को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक होगी, जिसमें वसुंधरा से विस्थापित हुए 63 आवंटियों की क्षतिपूर्ति का मुद्दा रखा जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि इन लोगों को या तो जगह दी जाएगी या वसुंधरा में ग्रीन बेल्ट की जमीन पर रखे खोखे के एवज में लिए गए 1,29,800 रुपए लौटाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि ग्रीन बांड के जरिये एसटीपी के पानी की आपूर्ति औद्योगिक इकाइयों को करने की योजना का काम जल्द पूरा कराया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों की दशा सुधारने के लिए योजना बनाई गई है। साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साईट-4 के अलावा बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी जल्द विकास कार्य कराये जाएंगे। एनजीटी की रोक और टेंडर प्रक्रिया में देरी की वजह से अभी पैच वर्क का काम अधूरा है। इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
नियम के उल्लंघन पर कुत्तों का पंजीकरण होगा रद्द
शहर में कुत्तों के आतंक को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि पालतू कुत्तों के मजल नहीं लगाने पर पंजीकरण रद्द किया जाएगा। वहीं, गंदगी फैलाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। कुत्तों से संबंधित नियमावली को विस्तार देते हुए मजल न लगाने बिना रस्सी से बांधे बाहर लाने या रस्सी खोल देने पर पंजीकरण रद्द होगा और सार्वजनिक स्थान पर कुत्ते के गंदगी करने पर उसे साफ न करने पर जुमार्ने का प्रावधान किया जाएगा। हिंसक प्रजाति के पिटबुल, राटवेइलर और डोगो अर्जेंटीनो कुत्तों के पंजीकरण पर रोक लगाने के बाद कुत्तों से संबंधित नियमावली को नगर निगम और सख्त बनायेगा। मजल न लगाने, बिना रस्सी से बांधे बाहर लाने या रस्सी खोल देने पर पंजीकरण रद्द होगा और सार्वजनिक स्थान पर कुत्ते के गंदगी करने पर उसे साफ न करने पर जुमार्ने का प्रावधान किया जाएगा।