ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने की कुलपति डॉ पुण्यव्रत एस पाण्डे से मुलाकात

-आधुनिक खेती को लेकर की चर्चा, बिहार के किसान भी बने आधुनिक खेती का हिस्सा

समस्तीपुर। डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पुण्यव्रत एस पाण्डे से गुरुवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने उनके कार्यालय पूसा में मुलाकात कर कृषि क्षेत्र में हो रहें बदलाव समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में हो रही खेती को लेकर कार्यकारी राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने कहा कि आज के समय में वैज्ञानिक खेती का दौर चल रहा है। इसमें उत्पादन व मुनाफा बढ़ाने के लिए किसानों को आधुनिक खेती करने की जरूरत है। किसानों की समृद्धि से ही सभी की समृद्धि जुड़ी है।

किसान नई-नई उत्पादन तकनीकों को अपनाकर ही अपनी आय अधिक बढ़ा सकता है। मगर अज्ञानतावश आज भी बिहार के मिथलांचल के किसान आज भी पीछे है। जिसका मुख्य कारण है कि आधुनिक खेती के बार में जागरुक न होना। सरकार भी सभी राज्यों में किसानों का आधुनिक खेती के प्रति जागरुक कर रही है। जब तक बिहार के ग्रामीण आधुनिक खेती को नही अपनाएंगे तब तक उनका सही विकास नही हो सकता है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्य व केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं अपनी मेहनत व लगन से आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए किसानों को जागरुक करना बेहद जरुरी है।

उन्होंने कहा डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पुण्यव्रत एस पाण्डे से आग्रह किया कि बिहार के किसानों को भी आधुनिक खेती के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए। जिससे बिहार के किसान भी इस वैज्ञानिक दौर में आगे बढ़कर खेती कर सकें। उन्होंने कहा देश के किसान अर्थव्यवस्था के मूल आधार हैं। तरुण मिश्र की बातों को सुनकर कुलपति डॉ पुण्यव्रत एस पाण्डे ने कहा कि हमारा सदैव प्रयास रहता है कि हर किसान समय के साथ आगे बढ़े और आज के दौर में हो रही खेती के बदलाव को समझें। जल्द ही बिहार के किसानों का आधुनिक खेती के बारे में जागरुक और प्रशिक्षण देने के लिए कैंप लगाएं जाएंगे। जिससे वह खेती में उत्पादन के साथ अच्छा मुनाफा कमा सकें।