स्वच्छता में गाजियाबाद बनेगा देश में नंबर वन-1: वीके सिंह

  • प्रदेश में पहले 200 टीपीडी क्षमता के स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का उद्घाटन
  • विजय नगर में खुले में पड़ने वाले कूड़े की बदबू और गंदगी से मिली निजात
  • स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन से होगा कूड़े का बेहतर निस्तारण

गाजियाबाद। प्रदेश में पहले 200 टीपीडी क्षमता के स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की शहरवासियों को शनिवार को सौगात मिल गई। केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने निवर्तमान मेयर आशा शर्मा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, शहर विधायक अतुल गर्ग ने संयुक्त रूप से स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी आदि अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम ने विजयनगर जोन क्षेत्र में अकबरपुर-बहरामपुर में इस स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कराया हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने उद्घाटन के दौरान कहा कि स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनने से कूड़े का अब बेहतर तरीके से निस्तारण हो सकेगा। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 में अब गाजियाबाद देश में नंबर-1 रैंकिंग हासिल प्राप्त कर सकेगा। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरा पृथक्करण करना नगर निगम के साथ शहर के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी हैं। 200 टीपीडी क्षमता के स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की शुरुआत होने से कचरे का निस्तारण आधुनिक तकनीक से किया जाएगा। विजयनगर क्षेत्र के उत्सर्जित कूड़े-कचरे को अलग-अलग करने की प्रक्रिया बेहतर तरीके से किया जाएगा। इसमें गीला-सूखा कचरे के लिए कंटेनर की व्यवस्था की गई है। कचरा ढ़ककर प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचाया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने नगर निगम द्वारा बनवाए स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की सराहना करते हुए कहा कि यह अच्छा प्रयास है।

उन्होंने कचरा प्रोसेसिंग के लिए कंटेनर को भी हरी झंडी दिखाकर मोरटा स्थित यूनिट के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि गीला कूड़ा अलग और सूखा कूड़ा-कचरा अलग-अलग करना सभी की जिम्मेदारी है। जब तक हम अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन नही करेंगे। तब हमारा शहर स्वच्छ एवं सुंदर नही बन सकता है। शहर की स्वच्छता को बढ़ाने के साथ-साथ उसकी सौंदर्यता बढ़ाने के लिए नगर निगम अपना काम कर रहा है। हमारा भी दायित्व बनता है कि नगर निगम के कार्यों में अपना सहयोग प्रदान करें।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा विजयनगर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के पहले 200 टीटीडी क्षमता के स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन की शुरुआत की गई हैं। स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन से विजय नगर जोन में खुले एरिया में कूड़ा डालने एवं गंदगी की समस्या से नागरिकों को राहत मिलेगी। जिसमें कचरे के निस्तारण की कार्यवाही आधुनिक तकनीकी के तहत की जाएगी। जिसमें विजयनगर क्षेत्र के उत्सर्जित कचरे को अलग-अलग करने की प्रक्रिया को भी बेहतर तरीके से किया जाएगा।

गीले कचरे तथा सूखे कचरे के लिए कंटेनर की व्यवस्था की गई है। जिसमें कचरा ढककर प्रोसेसिंग यूनिट तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में हर नागरिक का सहयोग जरुरी है। घर से कूड़ा उठाने के लिए नगर निगम की गाडिय़ां प्रतिदिन आती है तो आपका भी फर्ज बनता है कि निगम की गाडिय़ों में आप सूखा एवं गीला कचरा अलग करके दे। जिससे उसका सही निस्तारण हो सकें। शहर में अन्य स्थानों पर भी आधुनिक तकनीकी से युक्त स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन की संख्या बढ़ाने की तैयारी चल रही है।

300 टीपीडी का स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनकर तैयार
शहर में अन्य स्थानों पर भी आधुनिक तकनीकी से स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन बनाए जाएंगे। इसी क्रम में 300 टीपीडी का स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन वसुंधरा जोन क्षेत्र में बनाया जा चुका हैं। इसका भी जल्द उद्घाटन नगर निगम द्वारा कराया जाएगा। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम टीम का उत्साहवर्धन किया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन काम करेगा। इसके लिए चयनित कंपनी द्वारा इसके निर्माण पर व्यय किया गया।

उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। ताकि बेहतर तरीके से आधुनिक तकनीक से कूड़े का निस्तारण किया जा सकें। केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम भी जल्द शहर में सर्वे करने के लिए आएगी। इससे पहले नगर निगम शहर की सफाई करने के मामले में स्मार्ट बनाने में जुटा है। शहर को पहला आधुनिक स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन की शुरुआत हो गई है। इसके अलावा शहर में चार स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन ओर बनाए जाएंगे। निवर्तमान मेयर आशा शर्मा ने कहा कि इस बार उम्मीद है कि स्वच्छता सर्वेक्षण के मामले में नगर निगम का अच्छा प्रदर्शन रहेगा। कूड़ा निस्तारण के मामले में अव्वल रैंकिंग प्राप्त होगी।