पेयजल आपूर्ति से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण, कूड़ा निस्तारण कार्य जल्द होंगे शुरु

-नगर निगम को मिली 15वें वित्त आयोग के फंड से 122 करोड़ रुपए की राशि

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति से लेकर पार्कों के सौंदर्यीकरण समेत बेहतर तरीके से कूड़ा निस्तारण आदि कार्य अब जल्द शुरू कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहर में इन विकास कार्यों की शुरूआत जल्द हो सकेगी। दरअसल, नगर निगम को 15वें वित्त आयोग के फंड से 122 करोड़ रुपए की धनराशि मिली है।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ का कहना है कि 15वें वित्त आयोग के फंड से मिली धनराशि को जलकल विभाग, उद्यान विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को आवंटित किया गया है। जलकल विभाग और उद्यान विभाग द्वारा शहर में कार्य कराने के लिए टेंडर मांगे गए है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी जल्द ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए कार्य शुरू कराए जाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि प्रदेश शासन ने नवंबर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए 15वें वित्त आयोग से यह धनराशि स्वीकृत की थी। नगर निगम के अलग-अलग विभागों को अब यह धनराशि आवंटित कर दी गई है।

नगर आयुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग इस धनराशि में से करीब 75 करोड़ रुपए एवं जलकल विभाग को 42 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। जबकि उद्यान विभाग को 2 करोड़ रुपए आवंटित किए गए। जबकि निर्माण विभाग को नालों पर जाली लगाने के लिए 1 करोड़ रुपए की धनराशि दी गई हैं। बाकी की धनराशि रिजर्व में रखी गई है। इसका प्रयोग जरूरत पडऩे पर किया जाएगा।उद्यान विभाग द्वारा पार्कों का सौंदर्यीकरण एवं कूड़ा उठवाने के लिए वाहन खरीदेगा। जबकि स्वास्थ्य विभाग और जलकल विभाग ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए शहर में कार्य कराएगा। इसके लिए कार्ययोजना मांगी गई हैं। नगर आयुक्त का कहना है कि 15वें वित्त आयोग के फंड से मिली धनराशि से कार्य शुरू करने के लिए विभागों द्वारा टेंडर मांगे गए है। टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के बाद शहर में यह कार्य जल्द शुरू कराए जाएंगे। निर्माण विभाग द्वारा नालों पर जाली लगाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। ताकि हिंडन नदी में कूड़ा-करकट आदि को जाने से रोका जा सकें।