20 साल से उपेक्षित पार्क की नगर निगम ने बदली सूरत

रंग लाई उद्यान विभाग की मेहनत, महापौर ने रोपे पौधे

गाजियाबाद। जागृति विहार डिस्पेंसरी के सामने उपेक्षित पार्क के दिन बहुर गए हैं। यह पार्क पिछले लगभग 20 साल से अविकसित था। वहां अक्सर गंदगी की भरमार रहती थी। नगर निगम ने पार्क को विकसित करा दिया है। महापौर महापौर आशा शर्मा ने रविवार को इस पार्क में पौधरोपण किया। उन्होंने वहां विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपित कराए। इसके पहले नगर निगम के उद्यान विभाग की टीम ने गंभीरता के साथ काम कर पार्क को साफ-सुथरा और खूबसूरत किया। इस पार्क पर काफी समय से विवाद चल रहा था। कुछ नागरिक पार्क का प्रयोग निजी कार्य के लिए कर रहे थे। इस कारण वहां गंदगी का अंबार रहता था। जबकि कुछ नागरिक पार्क को विकसित कराने को आतुर थे। इस विवाद को नगर निगम ने समाप्त करा दिया है। पार्क से अतिक्रमण भी हटाया गया है। कार्यक्रम के दौरान महापौर आशा शर्मा ने उपस्थिति नागरिकों से एक-एक फलदार, छायादार एवं ऑक्सीजन देने वाला पौधा लगवाया। रोपित पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। उधर, उप्र सरकार के नेतृत्व में शहर के सभी जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य केंद्र गोद लेने थे। इसके तहत महापौर आशा शर्मा द्वारा जागृति विहार संजय नगर नवीन समुदाय स्वास्थ्य केंद्र को गोद लिया गया है। वहां उन्होंने पंखे, एयर कंडीशनर, बैंच एवं वाटर कूलर लगवाया था। डिस्पेंसरी के निरीक्षण के दौरान महापौर ने सामने के पार्क की खस्ता हालत को देखा था। इसके बाद पार्क की दशा में सुधार कराने के निर्देश दिए गए थे। महापौर ने रविवार को दोबारा डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। इस मौके पर अमर दत्त शर्मा, विनीत शर्मा, पार्षद मोहन सिंह रावत, पार्षद कपिल शर्मा, अपर नगरायुक्त राज नारायण पांडे, नगर निगम के उद्यान अधिकारी डॉ. अनुज सिंह, जेई दिनेश शर्मा, मोनू त्यागी, रिषभ तिवारी, हरिदत्त आदि उपस्थित रहे।