-रेस्टोरेंट, होटल, बार व ढाबों का आबकारी विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद। दिन हो या फिर रात बस अवैध शराब की तलाश में जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीमों ने छापेमारी एवं चेकिंग की कार्रवाई की। इसी के साथ बिना लाइसेंस के बार में शराब परोसने वालों पर भी सख्ती बरती गई। आबकारी विभाग की टीम द्वारा अंग्रेजी व देशी व बीयर की दुकानों के साथ-साथ बार, रेस्टोरेंट एवं ढाबों पर पर भी विभागीय निरीक्षण किया गया। ढाबा, बार व रेस्टोरेंट पर अचानक हुए निरीक्षण से दुकान एवं बार, रेस्टोरेंट संचालक हलकान व परेशान दिखे। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने आबकारी निरीक्षकों को लगातार शराब तस्करों पर कार्रवाई करने और बार, रेस्टोरेंट, शराब की दुकानों का प्रतिदिन निरीक्षण करने के निर्देश दिए है। जहां जो कमियां मिल रही है उसे तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिए।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया जनपद में चलाए जा रहे जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत गुरुवार रात आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहार वर्मा, आशीष पाण्डेय, अभय दीप सिंह, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, त्रिभुवन सिंह हयांकी, राकेश त्रिपाठी व अनुज वर्मा की टीम द्वारा जनपद के डी मॉल इंदिरापुरम, हैबिटेट सेंटर इंदिरापुरम एवं आरडीसी स्थित होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, इवेंट बार, होटल बार की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान संचालकों को उनके परिसर में गैर प्रांत की शराब पाये जाने एंव बिना लाइसेंस लिए शराब पिलाये जाने की स्थिति में सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। साथ ही जनपद की देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर की फुटकर दुकानों एवं मॉडल शॉप पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज भी कराया गया। जांच में लगभग सभी दुकान स्टॉक और रजिस्टर के हिसाब से सही मिली। निरीक्षकों द्वारा बार कोड से शराब की बोतल की गुणवत्ता चेक की गई।

निरीक्षण के समय कोई अनियमितता नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान शराब दुकानों के संचालकों को नियमानुसार बिक्री करने के निर्देश दिए। साथ ही ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे डासना टोल प्लाजा पर वाहनों कि चेकिंग की गई।गौरतलब हो कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश एवं हाईवे पर संचलित ढाबों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा बाहरी राज्यों से शराब लाने वालों पर नजर बनाए हुए है। आबकारी विभाग समय-समय पर रूटीन चेकिंग के क्रम में इस बात की भी तस्दीक करता है कि सभी शराब की दुकान के लाइसेंस धारक विभाग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित कर है कि नहीं।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद को शराब तस्करों के कब्जे से मुक्त रखने की मुहिम निरंतर चलाई जा रही है। इसमें कामयाबी भी मिल रही है। सभी आबकारी निरीक्षक गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आबकारी निरीक्षकों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं ताकि शराब तस्करों की बदली रणनीति को नाकाम किया जा सके। इसके अलावा जनपद के होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, इवेंट बार, होटल बार, रेस्टोरेंट बार पर लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए गये है। उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

जागरूकता के लिए आबकारी विभाग ने की अपील
जिला आबकारी अधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि अवैध शराब की बिक्री को रोकने के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है। समाजसेवियों, अभिभावकों व अध्यापकों को, युवाओं को जागरूक होने की जरूरत है। अवैध शराब स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक होता है। जनता सस्ती व मिलावटी शराब पीने से हरसंभव परहेज करें। इच्छुक व्यक्ति केवल सरकारी दुकान से ही शराब खरीदें।

सस्ती शराब के चक्कर में उपभोक्ता को नुकसान उठाना पड़ सकता है। मिलावटी शराब पीकर खुद के स्वास्थ्य व जीवन के साथ खिलवाड़ न करें। सरकारी दुकान पर शराब लेते समय सील बंद, क्यू आर कोड देखकर ही शराब खरीदें। इसी के साथ ही अवैध शराब के निर्माण, बिक्री व तस्करी पर रोक लगाने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9454466019 के साथ पांच अंकों का एक टोल फ्री नंबर 14405 भी जारी किया गया है। अवैध शराब बिक्री की सूचना संबंधित नंबर पर दे सकते है। सूचना देने वाले का नाम विभाग गोपनीय रखता है।
















