बिहार और झारखंड में कोरोना अनियंत्रित, लॉक डाउन बढ़ाया गया, रात 10 बजे के बाद नाइट कर्फ्यू भी रहेगा

पटना। बिहार में कोविड-19 (कोरोना वायरस) की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पाई है। भरसक कोशिशों के बावजूद कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या तेजी से बढ़ रही है। संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से अधिक हो गया है। ऐसे में लॉक डाउन की अवधि बढ़ा दी गई है। अब 6 सितम्बर तक लॉक डाउन प्रभावी रहेगा। नीतिश सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। इससे पहले 16 अगस्त तक लॉक डाउन लागू किया गया था। बिहार में कोरोना की वजह से अब तक 461 नागरिकों की जान जा चुकी है। 72 हजार से ज्यादा मरीज स्वस्थ भी हो गए हैं। वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 31 हजार से अधिक है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखकर लॉक डाउन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने विभिन्न पाबंदियां भी जारी रखी हैं। रात 10 से प्रात: 5 बचे तक का नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। दुकानों और बाजारों को समय और बाकी नियमों के हिसाब से आवश्यक प्रतिबंधों के अधीन संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। शॉपिंग मॉल्स और धार्मिक स्थल अभी नहीं खुल सकेंगे। उधर, झारखंड में भी कोरोना का कहर जारी है। नतीजन वहां भी लॉक डाउन को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। झारखंड में 31 अगस्त तक लॉक डाउन रहेगा। रात 10 बजे के बाद नाइट कर्फ्यू लागू होगा। शॉपिंग मॉल्स, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग सेंटर, जिम, पार्क, होटल व सिनेमाघर खुलने की अनुमति नहीं है।