प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का अमेरिका में निधन

यूएस के न्यूजर्सी में अंतिम सांस ली

नई दिल्ली। देश के जाने-माने शास्त्रीय गायक पंडित जसराज का अमेरिका में निधन हो गया है। अमेरिका के न्यूजर्सी में उन्होंने अंतिम सांस ली। 90 वर्षीय जसराज का हरियाणा के हिसार से गहरा ताल्लुक था। उन्होंने खयाल गायन में कुछ लचीलेपन के साथ ठुमरी, हल्की शैलियों के तत्वों को जोड़ा। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज के निधन की खबर से उनके चाहने वाले काफी दुखी हैं। शास्त्रीय संगीत के मेवाती घराने से संबंध रखने वाले पं. जसराज को संगीत की शुरूआती शिक्षा पिता पं. मोतीराम ने दी। बाद में उनके भाई ने उन्हें तबला संगीतकार के रूप में प्रशिक्षित किया। 14 वर्ष की आयु में पं. जसराज ने गायक के रूप में प्रशिक्षण आरंभ किया। 22 साल की उम्र तक वह काफी परिपक्व हो गए थे। 22 साल की उम्र में उन्होंने गायक के रूप में अपना पहला स्टेज कंसर्ट किया। शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु उन्हें पद्मविभूषण, पद्मभूषण और पद्मश्री से नवाजा गया। पं. जसराज ने प्रख्यात फिल्म निर्देशक वी शांताराम की बेटी मधुरा शांताराम से विवाह किया था। 1960 में मुंबई में मधुरा से उनकी मुलाकात हुई थी। बाद में 1962 में दोनों ने विवाह कर लिया। पं. जसराज के परिवार में 2 पुत्र एवं 1 पुत्री हैं। पं. जसराज ने शास्त्रीय गायन के जरिए देश-विदेश में अपनी अलग पहचान कायम की थी।

फिल्म निर्देशक कामत का भी निधन

फिल्म निर्देशक निशिकांत कामत का निधन हो गया है। वह पिछले 2 साल से लिवर सिरोसिस की बीमारी से जूझ रहे थे। अभिनेता अजय देवगन और रितेश देशमुख ने ट्वीट कर कामत के निधन पर दुख जताया है। वह 31 जुलाई से हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती थे। दृश्यम और मुंबई मेरी जान जैसी फिल्मों के निर्देशक कामत के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है।