हाथ में बोतल, कार पर लगाए ठुमके, सलाखों के पीछे अब मांग रहे माफी

गाजियाबाद। एनसीआर क्षेत्र में कुछ युवकों द्वारा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर कार की रफ्तार कम कर हाथ में बोतल लेकर बोनट पर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियों सोशल मीडिया पर इतना वायरल हुआ कि 12 घंटे की इस कहानी ने इन युवकों को सलाखों के पीछे लाकर खड़ा कर दिया। देर रात अर्टिगा कार में सवार कुछ युवक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर पहुंचे। गाड़ी की रफ्तार कम हुई और फिर 2 युवक कार की छत पर चढ़कर डांस करना शुरू कर दिया। एक युवक बोनट पर नाचने लगा। 2 युवक कार के बाहर थे और एक कार के अंदर बैठा था। वीडियो में बाहर खड़ा युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर डांंस कर रहा है। इनकी इन हरकतों की वहीं से गुजर रहे एक युवक ने विडियो बना ली और सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कार सवार युवक गाड़ी में गाने भी तेज बजा रहे थे। गाड़ी की छत और बोनट पर चढ़कर नाच भी रहे थे।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर टोल वसूली की शुरुआत एक अप्रैल से हुई है। सुरक्षा के लिए इस पूरे एक्सप्रेस-वे पर 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पहले ही दिन इस तरह का वीडियो सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे। एसपी ग्रामीण डॉ ईरज राजा ने अपने ऑफिशियल वॉट्सएप ग्रुप में जानकारी दी है कि इस गाड़ी का 20 हजार रुपए का चालान काटा गया है। 12 घंटे बाद कविनगर पुलिस ने हाईवे पर डांस कर रहे युवकों को गिरफ्तार कर लिया। हवालात पहुंचे युवकों ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भविष्य में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की कसम तक खाई।