अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का मुरादनगर पुलिस ने किया भांडाफोड़

 

दंपति समेत चार गिरफ्तार, ढाई लाख रुपए की नकदी और उपकरण बरामद

मुरादनगर। मुरादनगर पुलिस ने क्षेत्र में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भांडाफोड़ कर दंपति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से बने अधबने हथियारों के अलावा कारतूस, ढाई लाख रुपए की नकदी और उपकरण बरामद हुए हैं। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि पकड़े गए लोगों में उमर, उसकी पत्नी रूमी, नौशाद और मैनुद्दीन शामिल है। उन्होंने बताया कि मुरादनगर थाना प्रभारी अमित कुमार की टीम को मुखबिर द्वारा जानकारी मिली की आदर्श नगर कॉलोनी में कुछ लोग अवैध हथियार बनाने का धंधा कर रहे हैं। हथियार बनाने वालों में दंपत्ति भी शामिल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और अधीनस्थ अधिकारियों को जानकारी देने के बाद योजना के तहत बताए हुए स्थान पर छापेमारी कर दी। छापेमारी से हथियार बना रहे लोगों में हड़कंप मच गया और वह भागने का प्रयास करने लगे। जिनको चारों ओर से घेराबंदी बनाकर दबोच लिया गया। एसएसपी ने बताया कि मौके से दंपति समेत चार लोगों को दबोचा गया है।

इनके पास से बने व अधबने हथियार, कारतूस, ढाई लाख रुपए की नगदी और मशीन आदि उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि हथियार बनाने के बाद इन्हें दिल्ली एनसीआर में सप्लाई पकड़े गए लोग मोटा मुनाफा कमाते थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मोइनुद्दीन हथियार बनाने के लिए कच्चे माल की व्यवस्था करता है और उमर अपने परिवार के साथ मिलकर उनसे हथियार तैयार करते था। बाद में बनाए गए हथियारों को अपने संपर्को के आधार पर आसपास के क्षेत्र के अलावा गाजियाबाद, दिल्ली व मेरठ में बेचा जाता था। पुलिस आरोपित से उनके संपर्क के बारे में पूछताछ करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि आरोपित व उसके परिवार के लोग रात को घर के अंदरूनी कमरे में तमंचे बनाने का काम करते थे। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि उक्त कमरे में बारे में आसपास के लोगों को भी जानकारी नहीं है। अक्सर रात में घर से मशीनों के चलने की आवाज आती थी जिसके बारे में पूछे जाने पर वह हर बार बहाना बनाकर टाल देते थे।