महेंद्र सिंह तंवर आज लेंगे गाजियाबाद नगर निगम का चार्ज, निगम की आय बढ़ाने के साथ राजनीति से पार पाना होगी बड़ी चुनौती

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नवनियुक्त म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर बुधवार को गाजियाबाद नगर निगम का चार्ज लेंगे। मंगलवार शाम वाट्सअप मैसेज के जरिये हुई बातचीत में उन्होंने इसकी पुष्टि की। हालांकि नगर निगम में यह चर्चा रही कि मंगलवार देर रात वह चार्ज ले सकते हैं। लेकिन गाजियाबाद पहुंचने में हुए देरी के कारण उन्होंने बुधवार को चार्ज लेने का निर्णय लिया। जब तक वह जार्च नहीं लेंगे तब तक अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे के पास म्युनिसिपल कमिश्नर का चार्ज रहेगा। उधर, गाजियाबाद के पुराने म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र ने मंगलवार दोपहर ही कानपुर देहात के डीएम का चार्ज लिया और अधिकारियों के साथ बैठक की।
गाजियाबाद नगर के मुख्य अधिकारी के रूप में आईएएस अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इन सब में सबसे बड़ी चुनौती नगर निगम की राजनीति भेदते हुए शहर में विकास कार्यों को पूरा कराना है। कोरोना संकट के कारण स्थितियां काफी परेशानी भरा है। पार्षदों की राजनीति को भेदकर उसे पार पाना एक चुनौती रहेगा। पूर्व में मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर के बीच हुआ विवाद भी प्रदेश भर में चर्चाओं में रहा था। ऐसे में यह भी देखने वाली बात होगी कि नये म्युनिसिपल कमिश्नर और मेयर के बीच रिश्ता कैसा रहता है। ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शनिवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों का ट्रांसफर किया था। इसमें गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र को कानपुर देहात का डीएम बनाया गया था और शाहजहांपुर में सीडीओ के पद पर तैनात आईएएस महेंद्र सिंह तंवर को गाजियाबाद का नया म्युनिसिपल कमिश्नर बनाया गया है। मूल रूप से हरियाणा के जिंद जिले के रहने वाले महेंद्र सिंह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी के रूप में महेंद्र सिंह का कार्यकाल अभी काफी छोटा है। लेकिन अब तक जो उन्होंने कार्य किये हैं उसके मुताबिक इनकी छवि गरीब एवं कमजोर वर्ग के मददगार के रूप में रही है। ऐटा में पोस्टिंग के दौरान उन्होंने काफी प्रसंसनीय कार्य किया है।