गाजियाबाद में 50 फीसदी हुआ मतदान ईवीएम में कैद हुआ 14 प्रत्याशियों का भाग्य नहीं बढ़ पाया मतदान का प्रतिशत

-ईवीएम में कैद हुआ 14 प्रत्याशियों का भाग्य, नहीं बढ़ पाया मतदान का प्रतिशत  

गाजियाबाद। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को गाजियाबाद लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बाद तक अर्धसैनिक बल, पीएसी व पुलिसफोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर जहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। वहीं,पोलिंग बूथों पर पहुंचकर उत्साह से बुजुर्गों महिला, पुरूषों और युवाओं ने मतदान किया। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से सकुशल मतदान संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। हॉट सिटी के रूप में शुमार गाजियबाद लोकसभा सीट पर 29,41,624 मतदाता होने के बाद भी सिर्फ 49.71 प्रतिशत ही मतदान हुआ। यानि कि 29,41,624 मतदाताओं में आधे मतदाता करीब 14. 75 लाख मतदाता ही वोट डाल पाए। मतदान सकुशल संपन्न होने के बाद लोकसभा सीट पर तीन प्रमुख राजनीति दलों भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी अतुल गर्ग, इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा और बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर व निर्दलीय समेत 14 दिग्गज प्रत्याशियों को भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में कैद होने के बाद स्ट्रांग रूम में पहुुंच गया।

लोकसभा सीट का रिकॉर्ड रहा है कि यहां पर चुनाव के मैदान में उतरे स्टार प्रत्याशी के सामने अपनी जमानत राशि भी बचाना चुनौती रही हैं। इस बार भी मुख्य मुकाबला भाजपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी अतुल गर्ग का इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा और बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर से हैं। इन तीनों प्रमुख दलों केे प्रत्याशियों के अलावा 11 अन्य प्रत्याशी भी क्षेत्रीय दल व निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। मगर इनके लिए फिलहाल अपनी जमानत राशि भी बचा पाना संभव नहीं दिख रहा है। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर मतदान होने के बाद आगामी 4 जून को मतगणना होने के बाद सांसद चुना जा सकेगा। शुक्रवार को होने वाले मतदान में मतदाताओं के लिए जनपद की पांच विधानसभा क्षेत्र में 841 मतदान केंद्र और 3195 मतदेय स्थल बनाए गए थे। मतदाताओं के लिए लगभग 12 हजार कार्मिकों को लगाया गया था। जबकि अन्य को रिजर्व में रखा गया। कुल मिलाकर 15 हजार कार्मिक चुनाव में लगे थे। संसदीय सीट की साहिबाबाद,गाजियाबाद शहर, लोनी, मुरादनगर व धौलाना आंशिक विधानसभा में वोट डाले गए।

खास बात यह है कि जनपद की मोदी नगर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता बागपत लोकसभा सीट के लिए अपना वोट किया। यानी कि जनपद से दो सांसदों के लिए मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के चलते पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र से लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह व अन्य अधिकारी मुस्तैद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर विभिन्न केंद्रों पर जाकर व्यवस्था को देखा। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सकुशल मतदान कराने के लिए जनपद को 29 जोन में बांटा गया था। जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र में 841 मतदान केंद्र के 3195 मतदेय स्थलों पर सुबह सात बजे से मतदान कराया जाएगा। इनमें सबसे अधिक मतदेय स्थल साहिबाबाद में 1,127 बनाए गए थे। मतदान से पहले सुबह 5:30 बजे से 7:00 बजे तक मॉक पोलिंग की गई।

गाजियाबाद संसदीय सीट पर यह है 14 दिग्गज उम्मीदवार
भाजपा-रालोद गठबंधन-अतुल गर्ग, कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा,बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर, सुखी समाज पार्टी-अवधेश कुमार, राष्ट्र निर्माण पार्टी-आनंद कुमार, राष्ट्रीय जन कर्मठ पार्टी-अंशुल गुप्ता, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी-धीरेंद्र कुमार भदौरिया, समाज विकास क्रांति पार्टी-नमह, राईट टू रिकॉल पार्टी-पूजा, निर्दलीय-अभिषेक पुंंडीर, निर्दलीय औरंगजेब, निर्दलीय कविता, निर्दलीय-नत्थू सिंह, निर्दलीय रवि कुमार पांचाल चुनाव मैदान में हैं।

मतदान का प्रतिशत कम रहने से धराशायी हो गए अभियान
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बाद तक हुए मतदान हुआ। पोलिंग बूथों के अंदर तक के बाद भी मतदान का प्रतिशत नहीं बढ़ पाया। मतदान का प्रतिशत कम रहने से जिला प्रशासन की ओर से किए गए दावों एवं अभियान की धराशायी हो गए। शुक्रवार की शाम 6 बजे तक 49.71 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी बीच हालांकि मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा। युवा, बुजर्ग हर कोई अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्र पर पहुंचे। गाजियाबाद लोकसभा सीट पर 6 बजे तक 49.71 प्रतिशत मतदान हुआ।

सर्वाधिक मतदान धौलाना में 57.46 और सबसे कम 41 प्रतिशत साहिबाबाद विधानसभा सीट पर हुआ।  मतदान का प्रतिशत-लोनी विधानसभा-54.30 प्रतिशत, मुरादनगर-54.08, साहिबाबाद-42.84 प्रतिशत, गाजियाबाद शहर-47.90 प्रतिशत, आंशिक धौलाना-59.31 समेत कुल 49.80 प्रतिशत मतदान हुआ। बागपत लोकसभा सीट की मोदीनगर विधानसभा-55.74 प्रतिशत मतदान हुआ। जबकि लोकसभा सीट पर 3:00 बजे तक इतने प्रतिशत वोट पड़े। लोनी-44.5 प्रतिशत, मुरादनगर-44.02 प्रतिशत, साहिबाबाद-36.14 प्रतिशत, गाजियाबाद-39.45 प्रतिशत, आंशिक धौलाना-48.04 प्रतिशत समेत कुल-41.13 प्रतिशत मतदान हुआ।

एंबुलेंस-व्हील चेयर से मतदान करने भी पहुंचे मतदाता
लोकसभा सीट पर हुए मतदान के दौरान गजब उत्साह भी देखने को मिला। एंबुलेंस और व्हील चेयर से लेकर कुर्सी पर मतदान के लिए मतदाता पहुंचे। मोदीनगर के रहने वाले 68 वर्षीय सत्यनारायण यादव पिछले 24 साल से बीमार हैं और बेड पर है।एंबुलेंस की व्यवस्था करते हुए उनको ग्रीनलैंड अकादमी स्कूल में स्थापित बूथ संख्या-189 पर ले जाकर मतदान कराया। विषम परिस्थितियों को पीछे छोड़ दिव्यांगों ने आगे बढ़कर मतदान किया।मकनपुर के नगर निगम कन्या विद्यालय में दोपहर सुबह करीब 7:53 बजे दिव्यांग सुरेश त्यागी अपने बेटे व पुत्रवधू के साथ मतदान करने पहुंचे। व्हीलचेयर पर बैठे सुरेश त्यागी के चेहरे पर मतदान के लिए अलग ही उत्साह नजर आ रहा था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेना हमारा अधिकार है।

लोगों को देश के लिए आगे आकर मतदान करना चाहिए।अच्छे सांसद व सरकार के लिए विषम परिस्थितियों को पीछे छोड़ आगे आकर मतदान करना बहुत जरूरी है।अर्थला के दिव्यांग विजय वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे। ई-रिक्शा में बैठे विजय ने मतदान के बाद अंगुली दिखाकर दूसरों को भी जागरूक किया। दिव्यांग राजकुमार भी कैला भट्टा स्थित मतदान केंद्र पर वोट करने पहुंचे। करीब दो किलोमीटर की दूरी ई-रिक्शा से तय कर उन्होंने मतदान किया। जिले में कुल 13719 दिव्यांग मतदाता हैं। मतदान के लिए सुबह से ही दिव्यांग मतदाता पहुंचने शुरू हो गए। देर शाम तक दिव्यांग केंद्रों पर पहुंचे। दिव्यांगों के लिए बूथों पर व्हीलचेयर का भी इंतजाम किया गया था। हालांकि केवल एक व्हीलचेयर होने से दिव्यांगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी।