सुशांत केस : सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई पुलिस को लताड़ा, बिहार के डिप्टी एसपी को क्वारंटाइन किए जाने पर उठाए सवाल

3 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी मुंबई और बिहार पुलिस

उदय भूमि ब्यूरो

नई दिल्ली/पटना। सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में बुधवार को मुंबई पुलिस को जमकर फटकार लगाई। कोर्ट ने इस केस की जांच के सिलसिले में मुंबई पहुंचे बिहार के डिप्टी एसपी विनय तिवारी को क्वारंटाइन किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। इसके अलावा मुंबई और बिहार पुलिस को इस प्रकरण में 3 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया। कोर्ट ने बिहार सरकार और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के मामले की सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस के डिप्टी एसपी विनय तिवारी को मुंबई आने के तुरंत बाद क्वारंटाइन किए जाने पर बिहार सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि ये सही संदेश नहीं देता है। पुलिस अधिकारी अपनी ड्यूटी पर गया था। आपकी तमाम कार्रवाई पेशेवर तरीके से होनी चाहिए था। साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। कोर्ट ने इस केस से संबंधित साक्ष्य नहीं मिटाने का निर्देश मुंबई पुलिस को दिया है। इसके अतिरिक्त कोर्ट ने 3 दिन के मुंबई और बिहार पुलिस की अब तक की जांच रिपोर्ट तलब की है। इस प्रकरण की कोर्ट द्वारा अगले सप्ताह पुन: सुनवाई की जाएगी। उधर, सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के. सिंह की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने तथा महाराष्ट्र सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता आर. बसंत ने पक्ष रखा।

सीबीआई जांच की सिफारिश का विरोध

दिवंगत अभिनेता सुशांत के पिता ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना के थाना राजीव नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर रिया पर गंभीर आरोप हैं। अपने बचाव में रिया ने सुप्रीम कोर्ट का रूख कर बिहार में दर्ज केस को मुंबई स्थानांतरित करने की मांग की थी। रिया के वकील ने सीबीआई जांच की सिफारिश पर सवाल उठाए थे। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर कहा गया कि इस केस की जांच करना बिहार पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।