पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर डॉक्टर पर ताबड़तोड़ बदमाशों ने बरसाई गोली

-डॉक्टर की मौत के बाद लोगों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
-क्लीनिक बंद कर घर जा रहे थे डॉक्टर, घात लगाकर बैठें थे बाइक सवार बदमाश

गाजियाबाद। मुरादनगर के आर्य नगर कॉलोनी स्थित मेन रोड पर राजवीर वाली गली में शनिवार रात बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने डॉक्टर को गोली मार दी। गंभीर हालत में डॉक्टर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आला अधिकारी जुट गए, मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले को फिलहाल रंजिश से जोड़कर देख रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

डॉक्टर शमशाद (45) पुत्र मौहम्मद ताहिर अपने परिवार के साथ आर्य नगर कॉलोनी स्थित मेन रोड पर राजवीर वाली गली में रहते थे। जिनकी 6 बच्चे हैं, तीन बेटी और तीन बेेटे। शनिवार रात करीब 11 बजे क्लीनिक को बंद कर डॉक्टर शमशाद अपने घर जा रहे थे। उनके घर के सामने ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। चार गोली उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घनी आबादी में ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बाइक सवार हमलावरों ने हेलमेट पहन रखा था।

गोली मारने से पहले आरोपितों की चिकित्सक से कुछ कहासुनी भी हुई। आनन-फानन में डॉ शमशाद को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको गाजियाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। जैसे ही डीसीपी (ग्रामीण) रवि कुमार, एसीपी निमिष पाटिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस को देख बेकाबू होने लगी। डॉक्टर की हत्या से नाराज स्थानीय लोगों ने मेन रोड पर देर रात तक हंगामा किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह लोगों को समझाया। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि घटना पुलिस की लापरवाही के चलते हुई है। जिस जगह घटना हुई, वहां से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस चौकी है। मेन बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है। ध्यान रहे कि शनिवार रात को करीब 11 बजे डा शमशाद अपने क्लीनिक को बंद कर घर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान बाइक सवार नकाबपोश बदमाश आए और उन्होंने मरीज को दिखाने की बात की।

डीसीपी (ग्रामीण) रवि कुमार ने लोगों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। हंगामे की स्थिति को देखते हुए मेन रोड पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी होगी। जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया हैं, उससे रंजिश की बात से इंकार नहीं किया जा सकता। फील्ड यूनिट, सर्विलांस टीम, एसओजी टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाही कर रही है। घटना के खुलासे के लिए कई टीमों को गठन किया गया है।